देश की खबरें | राजस्थान: मंत्री किरोड़ी मीणा ने मृतक पुलिसकर्मी के परिजनों के लिए विशेष पैकेज की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने रविवार को मृतक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुरेन्द्र सिंह के परिजनों के साथ पुलिस महानिदेशक यूआर साहू से मुलाकात की और उनके परिवार के लिए विशेष पैकेज की मांग की।

जयपुर, 16 मार्च राजस्थान सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने रविवार को मृतक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सुरेन्द्र सिंह के परिजनों के साथ पुलिस महानिदेशक यूआर साहू से मुलाकात की और उनके परिवार के लिए विशेष पैकेज की मांग की।

एसआई सुरेन्द्र सिंह की पिछले वर्ष दिसंबर में जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले के सुरक्षा वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से मौत हो गई थी।

मंत्री ने सुरेन्द्र सिंह की पत्नी सविता कुमारी द्वारा दिया गया ज्ञापन पुलिस महानिदेशक को सौंपा और कहा कि परिवार को राजस्थान पुलिस वेतन पैकेज में छूट देकर 1.20 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दी जाए।

मीणा, मृतक एसआई की पत्नी सविता कुमारी और अन्य परिजनों के साथ पुलिस अधिकारी के आवास पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने घटना के बाद परिवार को सहायता देने का वादा किया था लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ।

मीणा ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक के समक्ष यह मुद्दा उठाया है और मुआवजे तथा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति की मांग की है।

पिछले वर्ष 11 दिसंबर को जगतपुरा रोड पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले की दो गाड़ियां एक निजी कार से टकरा गईं थी और उस समय एएसआई सुरेंद्र सिंह एक चौराहे पर यातायात नियंत्रित कर रहे थे।

हादसे में चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।

एएसआई की मौके पर ही मौत हो गई थी और बाद में एक टैक्सी चालक की भी मौत हुए थी।

किरोड़ी लाल मीणा, भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की आलोचनाओं के कारण सुर्खियों में बने हुए हैं।

पिछले वर्ष लोकसभा चुनावों के बाद मीणा ने दावा किया था कि पार्टी ने उनके वादे के मुताबिक नतीजे हासिल नहीं किए, जिसके बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था हालांकि, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\