देश की खबरें | राजस्थान : तनावपूर्ण हालात के बीच सरकार ने आला अधिकारियों को डूंगरपुर भेजा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डूंगरपुर व उदयपुर जिलों में युवाओं के हिंसक आंदोलन को गंभीरता से लेते हुए शनिवार रात पुलिस महानिदेशक एम.एल. लाठर सहित कई आला अधिकारियों को डूंगरपुर भेजा। मुख्यमंत्री गहलोत ने एक बार फिर प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को भंग नहीं करने की अपील की है। इससे पहले राज्यपाल कलराज मिश्र ने इस बारे में मुख्यमंत्री गहलोत से फोन पर बात की थी।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

जयपुर, 26 सितंबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डूंगरपुर व उदयपुर जिलों में युवाओं के हिंसक आंदोलन को गंभीरता से लेते हुए शनिवार रात पुलिस महानिदेशक एम.एल. लाठर सहित कई आला अधिकारियों को डूंगरपुर भेजा। मुख्यमंत्री गहलोत ने एक बार फिर प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को भंग नहीं करने की अपील की है। इससे पहले राज्यपाल कलराज मिश्र ने इस बारे में मुख्यमंत्री गहलोत से फोन पर बात की थी।

अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवा बृहस्पतिवार शाम को उग्र हो गए थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस दल पर पथराव किया और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया था।

यह भी पढ़े | Bhopal: लूडो के खेल में पिता ने की चीटिंग, फैमिली कोर्ट पहुंची बेटी.

इस बीच, तनावग्रस्त इलाके में गोली चलने व एक व्यक्ति की मौत का भी समाचार है। हालांकि पुलिस व प्रशासन के किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

हिंसाग्रस्त इलाके में प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को दो और बाइक जला दीं तथा पुलिस पर पथराव किया जबकि एक राजमार्ग पर युवाओं के हिंसक प्रदर्शन के मद्देनजर हालात को सामान्य बनाने की कोशिश के तहत आंदोलनकारी युवाओं के प्रतिनिधि मंडल की जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

यह भी पढ़े | Shiromani Akali Dal Quits NDA: शिरोमणि अकाली दल ने छोड़ा बीजेपी का साथ, किसान बिल को लेकर तोड़ा NDA से गठबंधन.

गहलोत ने हालात की समीक्षा के लिए शनिवार रात मुख्यमंत्री निवास पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्य सचिव राजीव स्वरूप, पुलिस महानिदेशक भूपेन्द्र सिंह, प्रमुख गृह सचिव अभय कुमार, पुलिस महानिदेशक (अपराध) एम.एल. लाठर सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर हिंसा-प्रभावित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को स्थिति पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में रखने तथा कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस महानिदेशक लाठर, जयपुर के पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एम.एन. दिनेश सहित अन्य अधिकारियों को रात्रि में ही हेलीकॉप्टर से डूंगरपुर भेजा।

गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर वर्ग के हितों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है तथा समाज के किसी भी वर्ग की कानून-सम्मत व न्यायोचित मांगों पर विचार करने तथा संवाद के लिए हर समय तैयार है। उन्होंने टीएसपी क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं नौजवानों से अपील की है कि वे हिंसा को छोड़े और सरकार के समक्ष अपनी बात रखने के लिए आगे आएं।

इससे पहले राज्यपाल मिश्र ने शनिवार शाम राज्य के प्रमुख सचिव अभय कुमार और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कानून एवं व्यवस्था सौरभ श्रीवास्तव को राजभवन बुलाया और उन्हें इस हिंसा पर तत्काल नियंत्रण के निर्देश दिए।

वहीं, मुख्यमंत्री के निर्देश पर उदयपुर पहुंचे जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री अर्जुन बामणिया, उदयपुर से पूर्व सांसद रघुवीर मीणा व अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आंदोलनकारी युवाओं के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। यह बातचीत लगभग तीन घंटे चली।

मीणा ने पीटीआई से कहा,''हमने प्रदर्शनकारियों से हिंसक रास्ता छोड़ने को कहा और आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांगों को पूरा करने के लिए वैधानिक तरीके से जो भी संभव है करेगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\