देश की खबरें | राजामौली, राम चरण और जूनियर एनटीआर ने ‘आरआरआर’ के अभिनेता स्टीवेंसन के निधन पर शोक जताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फिल्मकार एस एस राजामौली, अभिनेता जूनियर एनटीआर और राम चरण ने ‘आरआरआर’ फिल्म में खलनायक ब्रिटिश गवर्नर की भूमिका अदा करने वाले रे स्टीवेंसन के निधन पर मंगलवार को शोक जताया।

हैदराबाद, 23 मई फिल्मकार एस एस राजामौली, अभिनेता जूनियर एनटीआर और राम चरण ने ‘आरआरआर’ फिल्म में खलनायक ब्रिटिश गवर्नर की भूमिका अदा करने वाले रे स्टीवेंसन के निधन पर मंगलवार को शोक जताया।

स्टीवेंसन का रविवार को इटली में 58 साल की उम्र में निधन हो गया था।

राजामौली ने कहा कि वह स्टीवेंसन के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हैं।

फिल्मकार ने ट्विटर पर स्टीवेंसन के साथ ली गई एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘इस खबर पर यकीन नहीं हो रहा। रे के सेट पर आते ही रौनक आ जाती थी और माहौल जीवंत हो उठता था। उनके साथ काम करने में काफी मजा आता था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’

‘आरआरआर’ के अभिनेता जूनियर एनटीआर और राम चरण ने भी स्टीवेंसन के निधन पर शोक जताया।

जूनियर एनटीआर ने ट्वीट किया, ‘‘ स्टीवेंसन बहुत जल्द चले गए। उनके साथ काम करने का अनुभव बेहतरीन रहा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। इस दुखद घड़ी में उनके परिवार और करीबियों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ’’

राम चरण ने ट्वीट किया, ‘‘ रे स्टीवेंसन के निधन की खबर से दुखी और स्तब्ध हूं। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। आपकी हमेशा याद आएगी।’’

स्टीवेंसन के प्रतिनिधियों ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया था कि अभिनेता ने रविवार को अंतिम सांस ली।

स्टीवेंसन का जन्म 1964 में आयरलैंड के लिसबर्न शहर में हुआ था। उन्हें ‘आरआरआर’ के अलावा ‘थॉर’ और ‘किंग आर्थर’ जैसी फिल्मों में भी दमदार अभिनय के लिए जाना जाता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\