देश की खबरें | अरुणाचल के कई जिलों में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, बाढ़ जैसी स्थिति

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन हुए हैं और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

ईटानगर, 19 जून अरुणाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन हुए हैं और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

राज्य की राजधानी में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। डोइमुक-पोटिन मार्ग और ईटानगर-यूपिया मार्ग के कई हिस्सों में जलभराव होने की सूचना है।

मंगलवार सुबह कारसिंगसा सिंकिंग जोन में एनएच-415 का एक हिस्सा और एक पुलिया बह गई, जिससे निर्जुली और बांदरदेवा के बीच सड़क संपर्क टूट गया। इन क्षेत्रों के बीच वाहनों के यातायात को गुम्टो मार्ग की तरफ से मोड़ दिया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा अगले कुछ दिनों में राज्य की राजधानी में भारी बारिश के पूर्वानुमान के बाद जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों के निवासियों से सुरक्षित स्थानों या निर्दिष्ट राहत शिविरों में जाने का आग्रह किया है।

अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन और बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य की राजधानी में आठ राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।

राज्य की प्रमुख नदियां और उनकी सहायक नदियां उफान पर हैं। हालांकि वे अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मानसून की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को अधिकारियों के साथ एक बैठक की।

खांडू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "आपदा प्रबंधन सलाहकार माननीय नकाप नालो जी की उपस्थिति में हमारी मानसून तैयारियों का आकलन करने के लिए आज आपदा प्रबंधन विभाग के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "हमारे नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\