जरुरी जानकारी | रेल कर्मचारी संगठन एनपीएस के खिलाफ 10 अगस्त को रामलीला मैदान में करेंगे महारैली

नयी दिल्ली, पांच अगस्त रेलवे कर्मचारियों के संगठन एनएफआईआर, यूआरएमयू और अन्य महासंघ साथ मिलकर नई पेंशन योजना (एनपीएस) के खिलाफ 10 अगस्त को यहां स्थित रामलीला मैदान में महारैली करेंगे। इस दौरान देशभर के अन्य संगठनों के कर्मचारी भी शामिल होंगे।

नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमैन (एनएफआईआर) के महासचिव एम रघुवैया और उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन (यूआरएमयू) के महासचिव बी सी शर्मा ने शनिवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रेल कर्मचारियों समेत विभिन्न महासंघों/संघों के साथ नयी पेशन योजना के खिलाफ दस अगस्त को रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस दौरान राज्य सरकारों व रक्षा क्षेत्र के प्रतिनिधि, डॉक्टर, शिक्षक आदि शामिल होंगे।

एक बयान के मुताबिक दोनों नेताओं ने कहा, ''हमारी मांग है कि जो पुरानी पेंशन लाएगा, वहीं वोट पायेगा। जो भी पार्टी अपने घोषणा-पत्र में यह मुद्दा लाएगी, उसी पार्टी को हम लोग समर्थन देंगे।''

रघुवैया ने कहा कि विभिन्न महासंघों/संघों के साथ रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें देशभर से रेल कर्मचारी शामिल होंगे।

इस मौके पर संयुक्त मंच की ओर से एनपीएस के खिलाफ और ओपीएस की बहाली के लिए भविष्य में तीव्र संघर्ष का कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)