मलप्पुरम, 19 अक्टूबर केरल के मलप्पुरम में कोविड-19 के मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि जिला प्रशासन को कोरोना वायरस महामारी से लड़ने में हरसंभव सहायता मुहैया कराई जाएगी।
गांधी यहां जिला कलेक्ट्रेट में कोविड-19 के हालात की समीक्षा के लिए हुई बैठक में बोल रहे थे।
मलप्पुरम में गत तीन दिनों में राज्य में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। जिले में शुक्रवार, शनिवार और रविवार को क्रमश: 1,025, 1519 और 1399 नये मामले सामने आए हैं।
मलप्पुरम जिला प्रशासन के सूचना कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘‘ संक्रमण की दर और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था और महामारी से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।’’
बयान के मुताबिक, ‘‘जिलाधिकारी ने महामारी से जुड़ी रिपोर्ट पेश की।’’
इसमें कहा गया कि वायनाड के सांसद ने जिले में कोविड-19 के रोकथाम के लिए उठाए जा रहे कदमों पर संतोष व्यक्त किया।
बैठक की अध्यक्षता विधायक पी उबैदुल्ला ने की, जिसमें सांसद के सी वेणुगोपाल, विधायक एपी अनिल कुमार, शफी परामबिल, एडीएम एन एम मेहराली, उप जिलाधिकारी के एस अंजू और अन्य शामिल हुए।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केरल के पत्रकार सिद्दीकी कप्पन को ‘अवैध हिरासत’ में रखने को ‘गंभीर मामला’ मानती है।
केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सचिव के पी नौशाद और महिला कांग्रेस नेता फातिमा रोशन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उन्होंने पत्रकार को हिरासत में रखने का मामला राहुल गांधी के संज्ञान में लाया, जिन्होंने भरोसा दिया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी और पार्टी नेता प्रियंका गांधी इस मामले में हस्तक्षेप करेंगी।
उल्लेखनीय है कि पत्रकार सिद्दीकी कप्पन और तीन अन्य को उस समय मथुरा में गिरफ्तार किया गया, जब वे उस दलित युवती के परिवार से मिलने हाथरस जा रहे थे, जिसकी कथित सामूहिक बलात्कार के बाद मौत हो गई थी।
केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रमेश चेन्नीथला ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी के दौरे से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) कार्यकर्ताओं को भ्रष्ट वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) की सरकार और सांप्रदायिक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के खिलाफ लड़ाई जारी रखने के लिए बल मिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ वह (राहुल) वायनाड में विकास कार्यों और कोरोना वायरस महामारी की स्थिति की समीक्षा करेंगे।’’
इस बीच, वाम नेता और विधायक सी के शशिंद्रन ने राहुल गांधी के दौरे की आलोचना करते हुए कहा कि सांसद का सामान्य दौरा सुर्खियां बन रही हैं, क्योंकि कांग्रेस नेता अपने निर्वाचन क्षेत्र में मेहमान की तरह आते हैं।
वायनाड से सांसद राहुल सोमवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उनका निर्वाचन क्षेत्र मलप्पुरम, वायनाड और कोझिकोड जिलों में फैला हुआ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY