नयी दिल्ली, 23 अगस्त रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) में कतर का सरकारी निवेश कोष क्यूआईए अपनी पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी के जरिये 8,278 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बुधवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि आरआरवीएल में कतर निवेश प्राधिकरण (क्यूआईए) के इस निवेश का मूल्य 8,278 करोड़ रुपये है।
कंपनी ने कहा, ‘‘इस निवेश से क्यूआईए को आरआवीएल में 0.99 प्रतिशत की अल्पांश इक्विटी हिस्सेदारी हासिल होगी।’’
आरआरवीएल अपनी कई अनुषंगियों एवं सहयोगी कंपनियों के जरिये भारत का सबसे बड़ा खुदरा कारोबार संचालित करती है। इसके देश भर में 18,500 से भी अधिक स्टोर हैं।
आरआरवीएल की निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, ‘‘हम रिलायंस रिटेल वेंचर्स में एक निवेशक के तौर पर क्यूआईए का स्वागत करते हैं। हम आरआरवीएल को एक विश्वस्तरीय संस्थान बनाने के क्रम में क्यूआईए के वैश्विक अनुभव औऱ मूल्य सृजन में उसके मजबूत रिकॉर्ड से लाभान्वित होना चाहते हैं।’’
इस मौके पर क्यूआईए के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मंसूर इब्राहिम अल-महमूद ने कहा, ‘‘क्यूआईए भारत के तेजी से बढ़ते खुदरा बाजार में उच्च वृद्धि संभावनाओं वाली नवाचारी कंपनियों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
अपने विस्तार के क्रम में आरआरवीएल ने वर्ष 2020 में वैश्विक निजी इक्विटी कोषों से 10.09 प्रतिशत हिस्सेदारी के बदले में 47,265 करोड़ रुपये जुटाए थे।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY