देश की खबरें | पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति का जायजा लेने के लिए जोशीमठ का दौरा किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जोशीमठ का शनिवार को दौरा किया।

देहरादून, सात जनवरी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जोशीमठ का शनिवार को दौरा किया।

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने प्रभावित लोगों से भेंट की तथा उन्हें सभी तरह की सहायता का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन अधिकारियों एवं विशेषज्ञों के दल से भी मुलाकात की जो बृहस्पतिवार से ही इस शहर में स्थिति की निगरानी कर रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि धामी ने लोगों को जोशीमठ से सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया के बारे में भी उनसे बात की।

वह प्रभावित क्षेत्र की तंग गलियों में घूमते हुए घरों के अंदर भी गये जहां दीवारों एवं छतों में बड़ी -बड़ी दरारें नजर आ रही थीं।

धामी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ इस खतरनाक क्षेत्र से प्रभावित परिवारों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाना अब सरकार की प्राथमिकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम दीर्घकालिक पुनर्वास रणनीति पर भी काम कर रहे हैं।’’

इस हिमालयी शहर के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद धामी ने कहा कि लोगों के पुनर्वास के लिए पीपलकोटि और गौचर के समीप उपयुक्त स्थानों की पहचान भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जोशीमठ में निकास एवं जलमल निकास तंत्र से जुड़ी परियोजनाओं के वास्ते लंबी प्रक्रियागत जटिलताओं में उलझने के बजाय सीधे उनसे मंजूरी लेने को कहा गया है।

धामी ने कहा कि जोशीमठ सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है और उसे बचाने की सभी कोशिश की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शहर में प्रसिद्ध नरसिंह मंदिर में यहां के वासियों को किसी भी नुकसान से बचाने को लेकर प्रार्थना भी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now