देश की खबरें | पंजाब सतर्कता ब्यूरो पर्ल ग्रुप घोटाले की जांच करेगा

चंडीगढ़, 21 मई पंजाब सरकार ने चिटफंड कंपनी पर्ल ग्रुप द्वारा कथित घोटाले की जांच सतर्कता ब्यूरो को सौंपी।

सरकार द्वारा जारी किए गए एक आदेश के अनुसार, “पंजाब सतर्कता ब्यूरो एक स्वतंत्र और विशिष्ट एजेंसी है, जिसमें जटिल आर्थिक अपराधों की जांच के लिए एक समर्पित आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) है।”

इसमें कहा गया है, “पर्ल घोटाले में जांच की विशिष्ट प्रकृति और इसके अंतरराज्यीय प्रभाव को ध्यान में रखते हुए, इसकी जांच सतर्कता ब्यूरो को स्थानांतरित कर दी गई है, ताकि पूरे घोटाले की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से छानबीन की जा सके।”

आदेश में कहा गया है कि घोटाले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी उपलब्ध सबूतों को रिकॉर्ड में लाया जाएगा। उच्चतम न्यायालय की ओर से गठित न्यायमूर्ति लोढा समिति के समन्वय से सतर्कता ब्यूरो द्वारा अधिक से अधिक ठगे गये निवेशकों के निवेश को लौटाने का प्रयास किया जाएगा।

सतर्कता ब्यूरो घोटाले के संबंध में फिरोजपुर और मोहाली में दर्ज दो प्राथमिकी की जांच करेगा।

पर्ल ग्रुप ने कथित तौर पर पंजाब सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न निवेश योजनाओं को अवैध रूप से स‍ंचालित करके कई लोगों को धोखा दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)