देश की खबरें | पंजाब : जेल में बंद गैंगस्टर की मां समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के बटाला में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात लोगों ने जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 27 जून पंजाब के बटाला में मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात लोगों ने जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बटाला के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई इस घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हरजीत कौर को अमृतसर के एक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
घटना सिविल लाइंस इलाके के कादियां रोड पर हुई।
बटाला के पुलिस उपाधीक्षक परमवीर सिंह ने बताया, "मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने उस समय गोलीबारी की, जब हरजीत कौर और एक अन्य व्यक्ति करणवीर सिंह कार के अंदर थे।"
डीएसपी ने बताया कि करणवीर को बटाला सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग गए और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
डीएसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हत्यारों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई हैं। उन्होंने कहा, "हम घटना के मकसद की जांच कर रहे हैं।"
अधिकारियों ने बताया कि दोनों पीड़ितों के चेहरे, छाती और पेट पर गोली लगी है।
भगवानपुर की रहने वाली हरजीत कौर पहले ग्राम पंचायत की सदस्य चुनी गई थीं।
मार्च में जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया को मादक दवाओं और मन:प्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम अधिनियम (पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट) के तहत हिरासत में लिया गया था और बठिंडा की सेंट्रल जेल से असम की सिलचर जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था।
भगवानपुरिया 2022 में हुए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के सिलसिले में पंजाब पुलिस की हिरासत में था। इसके अलावा, वह कई अन्य मामलों में भी शामिल रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)