चंडीगढ़, आठ जून शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने सनी देओल अभिनीत फिल्म ‘गदर-2’ के एक दृश्य के गुरुद्वारा परिसर में फिल्माए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
शीर्ष गुरुद्वारा निकाय के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि फिल्म के नायक और नायिका को गुरुद्वारा में एक दृश्य में देखा जा सकता है, जो आपत्तिजनक है।
ग्रेवाल ने एक ट्वीट में कहा, “(अभिनेता और अभिनेत्री पर) फूल बरसाये जा रहे हैं। इसके अलावा, सिखों को उन दोनों के आसपास ‘गतका’ (सिक्खों की पारंपरिक युद्धक कला) का प्रदर्शन करते देखा जा सकता है।”
ग्रेवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि देओल और फिल्म के निर्देशक को समझना चाहिए कि गुरुद्वारा इस तरह के दृश्य फिल्माने की जगह नहीं है।
एसजीपीसी के महासचिव ने कहा, “हम कहना चाहते हैं कि ऐसे दृश्य (एक वीडियो क्लिप) जो सामने आ रहे हैं, सिख समुदाय के लिए शर्मनाक हैं।”
ऑनलाइन प्रसारित हो रहे एक वीडियो क्लिप में सनी देओल और अभिनेत्री अमीषा पटेल को गुरुद्वारे में हाथ में हाथ डाले खड़े देखा जा सकता है, जबकि उनके चारों ओर ‘गतका’ का प्रदर्शन किया जा रहा हैं। देओल भारतीय जनता पार्टी के सांसद भी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY