देश की खबरें | केजरीवाल के खिलाफ 'भड़काऊ बयान' मामले में पंजाब पुलिस कुमार विश्वास के घर पहुंची

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ‘भड़काऊ बयानों’ को लेकर दर्ज एक मामले के सिलसिले में पंजाब पुलिस बुधवार को आम आदमी पार्टी के पूर्व नेताओं कुमार विश्वास तथा अलका लांबा के घर पर पहुंची।

चंडीगढ़, 20 अप्रैल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ‘भड़काऊ बयानों’ को लेकर दर्ज एक मामले के सिलसिले में पंजाब पुलिस बुधवार को आम आदमी पार्टी के पूर्व नेताओं कुमार विश्वास तथा अलका लांबा के घर पर पहुंची।

दोनों नेताओं को पूछताछ के लिए 26 अप्रैल को तलब किया गया है।

पंजाब में रूपनगर के सदर थाने में 12 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। कुमार विश्वास ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले केजरीवाल पर अलगाववादियों का समर्थन करने का आरोप लगाया था।

विश्वास ने पुलिस दल के बुधवार सुबह उनके गाजियाबाद स्थित घर पहुंचने की जानकारी एक ट्वीट कर साझा की। उन्होंने चेतावनी दी कि आप संयोजक केजरीवाल एक दिन पंजाब के साथ धोखा करेंगे।

विश्वास ने हिंदी में ट्वीट किया, ''सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है। एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताकत से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।''

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा कि पंजाब पुलिस ने उनके दिल्ली स्थित आवास के बाहर एक नोटिस चस्पा किया है और उन्हें विश्वास के खिलाफ दर्ज मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है। उन पर विश्वास के बयानों का समर्थन करने का आरोप है।

पंजाब पुलिस के इस कदम के बाद राज्य में विपक्ष ने भगवंत मान नीत सरकार पर आप नेता केजरीवाल की ‘कठपुतली’ की तरह काम करने और ‘आलोचकों को चुप करने के लिए बल का इस्तेमाल करने’ का आरोप लगाया।

रूपनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप गर्ग ने ''पीटीआई-'' को फोन पर बताया, ''हमने कुमार विश्वास के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\