देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के चार शूटर को गिरफ्तार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के चार संदिग्ध शूटर को गिरफ्तार करके उनके पास से छह पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। यह जानकारी पंजाब पुलिस ने सोमवार को यहां दी।

चंडीगढ़, 22 मई पंजाब पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के चार संदिग्ध शूटर को गिरफ्तार करके उनके पास से छह पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। यह जानकारी पंजाब पुलिस ने सोमवार को यहां दी।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पंजाब और हरियाणा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान डेराबस्सी के सैदपुरा निवासी महफूज उर्फ विशाल खान, डेराबस्सी के खेड़ी गुजरां निवासी मंजीत सिंह उर्फ गुरी, पंचकूला के नारायणपुर के अंकित और पंचकूला के खीरी के गोल्डी के रूप में हुई है।

यादव ने कहा कि पुलिस ने उनके कब्जे से छह पिस्तौल और 26 कारतूस बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी पंजाब पुलिस के 'एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स' (एजीटीएफ) ने की है।

डीजीपी यादव ने कहा कि विश्वसनीय जानकारी के बाद, एजीटीएफ के एक दल ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बान की निगरानी में और सहायक महानिरीक्षक संदीप गोयल के नेतृत्व में चार शूटरों को गिरफ्तार किया, जिन्हें लॉरेंस बिश्नोई ने अपने प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने का काम सौंपा था।

उन्होंने कहा कि चारों हिस्ट्रीशीटर हैं और पंजाब एवं हरियाणा में हत्या के प्रयास तथा जबरन वसूली सहित जघन्य अपराधों और शस्त्र अधिनियम के तहत मामलों का सामना कर रहे हैं।

एडीजीपी बान ने बताया कि आरोपी महफूज उर्फ विशाल छह पिस्तौल की बरामदगी के एक मामले में वांछित था। उन्होंने कहा कि हालांकि, उसके सहयोगी नीतीश राणा को ढकोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन तब वह (विशाल) मौके से फरार हो गया था।

उन्होंने कहा कि विशाल मार्च 2022 में मोहाली में एक पब और रेस्तरां के परिसर में हुई गोलीबारी की घटना में भी कथित रूप से शामिल था। उन्होंने कहा कि उसने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के निर्देश पर पैसे ऐंठने के लिए गोलियां चलाई थीं।

एडीजीपी बान ने कहा कि एसएएस नगर में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\