देश की खबरें | पंजाब: संगरूर में स्कूल के भोजनालय में खाना खाने के बाद करीब 70 छात्र बीमार ; दो लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के संगरूर जिले में एक सरकारी स्कूल के भोजनालय (मेस) में खाना खाने के बाद 70 से अधिक छात्रों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, दो दिसंबर पंजाब के संगरूर जिले में एक सरकारी स्कूल के भोजनालय (मेस) में खाना खाने के बाद 70 से अधिक छात्रों ने पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए भोजनालय के ठेकेदार और उसके प्रभारी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
घाबदां स्थित सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को भी विद्यार्थियों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं करने को लेकर निलंबित कर दिया गया। इन सरकारी स्कूलों में कक्षा नौ से 12 तक छात्रों का नामांकन किया जाता है और उन्हें शिक्षा, आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जाती हैं।
राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि विषय में उप-मंडलीय दंडाधिकारी (एसडीएम) द्वारा जांच का आदेश दिया गया है।
एक अधिकारी ने कहा कि घाबदां सरकारी स्कूल के 18 छात्रों को छात्रावास के भोजनालय में खाना खाने से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद शुक्रवार शाम अस्पताल ले जाया गया था।
अधिकारियों को संदेह है कि यह भोजन विषाक्तता का मामला है।
संगरूर के उपायुक्त जितेंदर जोरवाल ने शनिवार को कहा कि 73 छात्रों को तीन अलग-अलग सरकारी अस्पताल ले जाया गया था।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को 18 छात्रों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, शनिवार को 35 छात्रों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि 20 अन्य छात्रों को पीजीआई सैटेलाइट सेंटर ले जाया गया।
उपायुक्त ने कहा,''सभी छात्र ठीक हैं। सभी की जांच कर पर्याप्त इलाज किया गया। सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।''
उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि एक तहसीलदार और एक सरकारी चिकित्सक भी समिति का हिस्सा होंगे और यह एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)