देश की खबरें | पंजाब : हिरासत से भागने की कोशिश में एक गैंगस्टर पुलिस की गोली लगने से घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हत्या के कई मामलों में शामिल एक गैंगस्टर पंजाब के मोहाली जिले में हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
चंडीगढ़, 13 दिसंबर हत्या के कई मामलों में शामिल एक गैंगस्टर पंजाब के मोहाली जिले में हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गैंगस्टर-रोधी टास्क फोर्स’ (एजीटीएफ) के सहायक महानिरीक्षक संदीप गोयल ने बताया कि करणजीत सिंह उर्फ जस्सा हप्पोवाल गैंगस्टर राजेश कुमार उर्फ सोनू खतरी और आतंकवादी हरविंदर रिंडा का मुख्य शूटर है। उन्होंने बताया कि सिंह हत्या के छह मामलों में शामिल है।
अधिकारी के मुताबिक, सिंह को जालंधर स्थित ‘काउंटर इंटेलिजेंस विंग’ ने 30 नवंबर को शहर के बाहरी इलाके से गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि उसे मेट्रो प्लाजा गोलीबारी मामले में पेशी वारंट पर लाया गया था। इस मामले में उसने (सिंह) अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर 21 जुलाई को एक व्यक्ति की हत्या करने का प्रयास किया था।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि सिंह द्वारा किए गए खुलासे के आधार पर एजीटीएफ की एक टीम उसे पीरमुछल्ला इलाके में एक सुनसान पड़ी इमारत में ले गई, जहां उसने चीन निर्मित एक पिस्तौल छिपाने का दावा किया था। उन्होंने बताया कि इस पिस्तौल का इस्तेमाल मेट्रो प्लाजा गोलीबारी मामले में होने का संदेह है।
उन्होंने बताया कि एजीटीएफ टीम ने इमारत से चीन निर्मित एक 0.30 कैलिबर पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए।
अधिकारी के मुताबिक, इस बीच सिंह ने पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि शुरुआत में सिंह पर चेतावनी के तौर पर गोली चलाई गई, लेकिन वह नहीं रुका।
गोयल ने कहा कि सिंह एक ‘‘नृशंस हत्यारा’’ है और सार्वजनिक सुरक्षा के मद्देनजर एजीटीएफ की टीम ने उस पर गोलियां चलाईं।
उन्होंने बताया कि गोली लगने से सिंह घायल हो गया और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीजीपी यादव ने बताया कि घटना में एजीटीएफ का एक अधिकारी भी घायल हुआ है।
गोयल ने बताया कि ढकोली थाने में सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)