देश की खबरें | पुडुचेरी के मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के विभागों की सूची उप राज्यपाल को सौंपी

पुडुचेरी, 11 जुलाई मंत्रियों के शपथ लेने के करीब दो हफ्तों बाद पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी ने रविवार को उप राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन को यहां मंत्रियों के विभागों की सूची सौंपी।

मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल से उनके कार्यालय में मुलाकात की और एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों को दिए जाने वाले विभागों की सूची उन्हें सौंपी।

मुख्यमंत्री द्वारा किस मंत्री को कौन से विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है इसकी जानकारी तत्काल नहीं हो पाई है।

मंत्रिमंडल में पांच मंत्रियों (तीन एआईएनआरसी और दो भाजपा से) को 27 जून को शामिल किया गया था। हालांकि उन्हें विभागों का आवंटन नहीं किया गया था।

इस बीच उपराज्यपाल कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के लिये विभागों की अनुशंसा करते हुए उन्हें एक सूची सौंपी है। ए नम:शिवायम, के लक्ष्मीनारायणन, सी डीजेकुमार, चंदिरा प्रियंगा और ए के साई जे श्रणव कुमार ने मंत्री के तौर पर शपथ ली थी। लक्ष्मीनारायणन, डीजेकुमार और प्रियंगा जहां एआईएनआरसी कोटे से मंत्री बने हैं वहीं नम:शिवायम और श्रवण कुमार भाजपा के कोटे से मंत्री बनाए गए हैं।

यह पहली बार है जब भाजपा केंद्र शासित प्रदेश में मंत्रिमंडल का हिस्सा बनी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)