देश की खबरें | भारत में चुनाव संबंधी गलत सूचनाओं को रोकने के लिए ‘पीटीआई’ और ‘लॉजिकली’ के बीच समझौता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश की प्रमुख समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) और कृत्रिम मेधा (एआई) और विशेषज्ञ बुद्धिमता का इस्तेमाल करके गलत जानकारियों का विश्लेषण करने वाली प्रौद्योगिकी कंपनी ‘लॉजिकली’ ने भारत में चुनाव-संबंधी गलत सूचनाओं पर रोक के लिए समझौता किया है।
नयी दिल्ली, 15 अप्रैल देश की प्रमुख समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) और कृत्रिम मेधा (एआई) और विशेषज्ञ बुद्धिमता का इस्तेमाल करके गलत जानकारियों का विश्लेषण करने वाली प्रौद्योगिकी कंपनी ‘लॉजिकली’ ने भारत में चुनाव-संबंधी गलत सूचनाओं पर रोक के लिए समझौता किया है।
इस साल कई राज्यों में विधानसभा चुनावों के साथ ही अगले साल लोकसभा चुनाव होने की संभावना है, ऐसे में ‘पीटीआई’ और ‘लॉजिकली’ के बीच साझेदारी से भारत में लोगों को चुनावों से संबंधित गलत सूचनाओं की पहचान करने और उन्हें रिपोर्ट करने में मदद मिलेगी।
दुनिया भर में चुनाव अधिकारियों को चुनाव संबंधी गलत सूचना से निपटने में मदद करने का एक ट्रैक रिकॉर्ड रखने वाली प्रौद्योगिकी कंपनी ‘लॉजिकली’ समाचार एजेंसी ‘पीटीआई’ को अपने एआई-संचालित प्लेटफॉर्म ‘लॉजिकल इंटेलिजेंस’ तक पहुंच प्रदान करेगा।
‘लॉजिकली इंटेलिजेंस’ प्लेटफॉर्म इस सहयोग के हिस्से के रूप में हानिकारक फर्जी समाचारों और गलत सूचनाओं की पहचान, विश्लेषण और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए उन्नत एल्गोरिदम का इस्तेमाल करता है।
‘पीटीआई’ की ‘फैक्ट चेक यूनिट’ भारत के लोगों को सटीक, विश्वसनीय और समय पर समाचार उपलब्ध कराने के लिए चुनाव से जुड़ी खबरों और सूचनाओं को सत्यापित करने के लिए ‘लॉजिकली’ के साथ काम करेगी।
‘लॉजिकली’ के साथ साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए, पीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विजय जोशी ने कहा, "फर्जी समाचारों और गलत सूचनाओं से निपटने के लिए किये जा रहे प्रयासों के तहत ‘लॉजिकली’ के साथ साझेदारी करके हमें खुशी हो रही है। प्रौद्योगिकी में उनकी (लॉजिकली की) विशेषज्ञता और भारत की सबसे प्रमुख और विश्वसनीय समाचार एजेंसी (पीटीआई) के तौर पर हमारी पहुंच के साथ, हम आश्वस्त हैं कि यह साझेदारी पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी सुनिश्चित करने के हमारे प्रयासों में महत्वपूर्ण योगदान देगी।"
उन्होंने कहा, "यह साझेदारी ग्राहकों को बेहतर सेवा देने के लिए प्रौद्योगिकी पर हमारे बढ़ते ‘फोकस’ को भी प्रतिबिंबित करती है।"
जोशी ने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी अंततः मीडिया कंपनियों के अस्तित्व और विफलता का पैमाना तय करेगी।’’
‘लॉजिकली’ के संस्थापक एवं सीईओ लिरिक जैन ने कहा, ‘‘पीटीआई के साथ साझेदारी करना सम्मान की बात है, क्योंकि यह (पीटीआई) भारतीय मीडिया उद्योग में सत्यता और समग्रता के लिए लंबे समय से एक विश्वसनीय और सम्मानित नाम है।"
उन्होंने कहा कि यह सहयोग भारत के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस साल विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और अगले साल लोकसभा चुनाव प्रस्तावित है।
पीटीआई की फैक्ट चेक यूनिट के प्रमुख प्रत्यूष रंजन ने कहा, "हमें विश्वास है कि ‘लॉजिकली’ के साथ हमारा सहयोग चुनाव संबंधी गलत सूचनाओं के प्रसार पर नकेल कसने में मदद करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि चुनावी राज्यों में लोगों को विश्वसनीय जानकारी मिल सके।"
यह सुनिश्चित करना अत्यावश्यक है कि मतदाता चुनाव के दौरान सटीक और विश्वसनीय जानकारी पा सकें। ‘पीटीआई’ और ‘लॉजिकली’ के बीच साझेदारी का उद्देश्य नागरिकों को सटीक समाचार और विश्लेषण प्रदान करके इस मुद्दे का समाधान करना है।
भारत की प्रमुख समाचार एजेंसी के तौर पर ‘पीटीआई’ ने हमेशा सटीकता और निष्पक्षता पर जोर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)