देश की खबरें | पिछले शिखर सम्मेलनों के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों का आकलन किया है : दिल्ली पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि इस सप्ताह के अंत में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत उसने अन्य देशों में विगत में हुए ऐसे सम्मेलनों के दौरान विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय समूहों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शनों का व्यापक आकलन किया है।
नयी दिल्ली, पांच सितंबर दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि इस सप्ताह के अंत में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत उसने अन्य देशों में विगत में हुए ऐसे सम्मेलनों के दौरान विभिन्न अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय समूहों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शनों का व्यापक आकलन किया है।
जी20 शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को यहां प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र - भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है कि जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान दिल्लीवासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
उन्होंने कहा कि पुलिस, केंद्रीय एजेंसियों और विशेष शाखा के बीच समन्वय है। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी हमें किसी भी तरह की जानकारी या आकलन मिलता है, हम उसके अनुसार चीजों को व्यवस्थित करते हैं। हमारा मुख्य ध्यान यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े, लेकिन हम नागरिकों से पुलिस कर्मियों के साथ सहयोग करने का अनुरोध करते हैं।’’
पाठक ने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन की सुरक्षा से संबंधित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहलू हैं। उन्होंने कहा कि कई अन्य देशों में जहां पिछले शिखर सम्मेलन आयोजित किए गए थे, अंतरराष्ट्रीय समूहों और स्थानीय संगठनों के विरोध के कारण कानून और व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई थी। उन्होंने कहा, ''उसका व्यापक आकलन किया गया है।''
उन्होंने कहा, ‘‘जी20 भारत के साथ-साथ दिल्ली के लिए भी एक बहुत प्रतिष्ठित शिखर सम्मेलन है और यह हमारे लिए गर्व का क्षण है। दिल्ली पुलिस पर सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी है और हम इसे एक चुनौती के रूप में ले रहे हैं। हम पेशेवर उत्कृष्टता के साथ योजना बना रहे हैं और इसे जमीन पर क्रियान्वित कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास दिल्ली पुलिस के विभिन्न खंड हैं... इसके अलावा, हमारे पास शहर के अन्य हिस्सों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने की ज़िम्मेदारी है। हमने इसके लिए योजनाएं बनाई हैं और उसके लिए अभ्यास कर रहे हैं।’’
पाठक ने कहा कि दिल्ली पुलिस अर्धसैनिक बलों की भी मदद ले रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आज, हमने अभ्यास किया जिसमें रणनीतिक योजना के साथ बहुस्तरीय जांच शामिल थी। हमें विश्वास है और हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हम यह देखेंगे कि कानून और व्यवस्था त्रुटिहीन हो। हम विनम्रता और दृढ़ रवैये के साथ काम करेंगे।।’’
उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन क्षेत्र में विभिन्न थानों के कर्मियों को तैनात करने के साथ, 'पुलिस मित्र', आरडब्ल्यूए सदस्य, होम गार्ड और नागरिक सुरक्षा सहित सामुदायिक पुलिस तत्वों का उपयोग किया जा रहा है।
डीसीपी (सेंट्रल) संजय कुमार सैन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि जी 20 शिखर सम्मेलन के संबंध में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभ्यास और अन्य कदम उठाए जा रहे हैं।
सैन ने कहा कि डीसीपी पाठक और संयुक्त सीपी (मध्य रेंज) परमादित्य ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कर्मियों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)