देश की खबरें | संसद भवन परिसर में रास से निलंबित सदस्यों का विरोध प्रदर्शन, उप सभापति ने भिजवाई चाय
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 22 सितंबर राज्यसभा में अमर्यादित आचरण को लेकर मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित आठ सांसदों का संसद भवन परिसर में धरना मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी है। उप सभापति हरिवंश ने सुबह इन सदस्यों के लिए चाय भिजवाई।

सूत्रों ने बताया कि निलंबित सांसदों ने संसद भवन परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने, लॉन में रात बिताई। संसद भवन परिसर में रात को हुआ अपनी तरह का यह पहला प्रदर्शन है।

यह भी पढ़े | COVID-19 से ठीक होने के बाद इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए करें ये काम, जानें क्या कहती है स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन.

इन प्रदर्शनरत सांसदों के लिए उप सभापति हरिवंश ने सुबह चाय भिजवाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चाय भिजवाने के लिए हरिवंश की सराहना करते हुए कहा कि यह उनकी महानता का प्रमाण है।

यह भी पढ़े | Farm Bills Row: किसान बिल बवाल पर बोले पी चिदंबरम, किसानों को एक नहीं बल्कि कई हजार मार्केट चाहिए.

उन्होंने ट्वीट में कहा ‘‘कुछ दिन पहले स्वयं का अपमान, स्वयं पर हमला करने वालों तथा इसके बाद धरने पर बैठने वालों को निजी तौर पर चाय भिजवाना बताता है कि हरिवंश कितने विनम्र हैं और उनका दिल कितना बड़ा है। इससे उनकी महानता जाहिर होती है। मैं भारत के लोगों के साथ मिल कर हरिवंश को बधाई देता हूं।’’

आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने धरना स्थल की फोटो सुबह ट्वीट करते हुए कहा ‘‘पूरी रात बापू की प्रतिमा के सामने खुले आसमान के नीचे बीती। किसानों के अधिकारों के लिए प्रदर्शन जारी है।’’

नेताओं ने कहा कि उप सभापति सुबह वहां आए और उनके साथ कैमरामैन भी थे। एक वरिष्ठ सांसद ने उनसे कहा कि वह कैमरे वालों के बिना उनके पास आएं और उनके साथ बैठें।’’

एक प्रदर्शनकारी सांसद ने पीटीआई- को बताया ‘‘एक अन्य वरिष्ठ सांसद ने उनसे कहा कि चाय भेजना अच्छी बात है लेकिन बावजूद इसके उन्होंने जो किया, वह सही नहीं था। उन्हें बताया गया कि नियम उन्होंने ही तोड़ा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)