देश की खबरें | दिल्ली मेट्रो के प्रस्तावित रिठाला-नरेला गलियारे को हरियाणा के कुंडली तक विस्तार दिए जाने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने मंगलवार को कहा कि नेटवर्क के प्रस्तावित रिठाला-नरेला गलियारे को संभवतः हरियाणा के कुंडली तक बढ़ाया जा सकता है ताकि पड़ोसी राज्य से कनेक्टिविटी और बढ़ाई जा सके।
नयी दिल्ली, 11 जुलाई दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने मंगलवार को कहा कि नेटवर्क के प्रस्तावित रिठाला-नरेला गलियारे को संभवतः हरियाणा के कुंडली तक बढ़ाया जा सकता है ताकि पड़ोसी राज्य से कनेक्टिविटी और बढ़ाई जा सके।
डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि यदि इसे मंजूरी मिल जाती है, तो येलो लाइन (गुरुग्राम), वॉयलेट लाइन (फरीदाबाद) और ग्रीन लाइन (बहादुरगढ़) के बाद यह दिल्ली मेट्रो का हरियाणा में चौथा विस्तार होगा।
इस गलियारे की योजना रेड लाइन के वर्तमान में संचालित शहीद स्थल-रिठाला गलियारे के विस्तार के रूप में बनाई जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि यह दिल्ली से होकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला दिल्ली मेट्रो का पहला गलियारा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में प्रारंभिक आवाजाही आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ऐसे छोटे स्टेशनों का प्रस्ताव किया गया है जहां चार कोच वाली ट्रेन को समायोजित करने की लंबाई वाले प्लेटफॉर्म उपलब्ध हों। साथ ही भविष्य में इन स्टेशन में आठ कोच वाली ट्रेन को समायोजित करने का भी प्रावधान होगा।
डीएमआरसी ने कहा कि यदि मंजूरी मिल जाती है, तो पूरा गलियारा 27.319 किलोमीटर का होगा, जिसमें 22 स्टेशन होंगे।
इस गलियारे पर प्रस्तावित स्टेशन में रिठाला, रोहिणी सेक्टर-25, रोहिणी सेक्टर-26, रोहिणी सेक्टर-31, रोहिणी सेक्टर-32, रोहिणी सेक्टर-36, बरवाला, रोहिणी सेक्टर-35, रोहिणी सेक्टर-34, बवाना औद्योगिक क्षेत्र-1 सेक्टर 3 व 4, बवाना औद्योगिक क्षेत्र-1 सेक्टर 1 व 2, बवाना जेजे कॉलोनी, सनोठ, न्यू सनोठ, डिपो स्टेशन, भोरगढ़ गांव, अनाज मंडी नरेला, नरेला डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नरेला, नरेला सेक्टर-5, कुंडली और नाथूपुर शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)