देश की खबरें | प्रियंका ने 'जय माता दी' और 'हर-हर महादेव' के उद्घोष के साथ किया परिवर्तन का आह्वान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मजबूत चुनौती पेश करने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने रविवार को वाराणसी में बड़ी रैली की जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई अन्य नेताओं ने "जय माता दी" और "हर-हर महादेव" के उद्घोष के साथ राज्य में परिवर्तन का आह्वान किया।
वाराणसी, 10 अक्टूबर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मजबूत चुनौती पेश करने की कोशिश कर रही कांग्रेस ने रविवार को वाराणसी में बड़ी रैली की जिसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई अन्य नेताओं ने "जय माता दी" और "हर-हर महादेव" के उद्घोष के साथ राज्य में परिवर्तन का आह्वान किया।
वहीं, वाराणसी के रोहनियाँ में आयोजित कांग्रेस की ‘किसान न्याय रैली’ की शुरुआत मंत्रोचार, शंखनाद, हर-हर महादेव के साथ कुरान की आयात और गुरबाणी से हुई।
लखीमपुर खीरी हिंसा के बाद पूर्वांचल में हुई कांग्रेस की पहली बड़ी जनसभा को संबोधित करने से पहले पार्टी महासचिव प्रियंका ने बाबा विश्वनाथ मंदिर और मां दुर्गा मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की।
प्रियंका के रैली स्थल पर पहुंचने के बाद कार्यक्रम के विधिवत शुरुआत पर सबसे पहले मंत्रोचार और शंखनाद किया गया। इसके बाद प्रियंका समेत मंच पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने ‘हर-हर महादेव’ का नारा लगाया। इसके बाद जनसभा में कुरान की आयत और गुरबाणी का पाठ भी किया गया।
प्रियंका ने अपने भाषण की शुरुआत में नवरात्रि का उल्लेख करते हुए दुर्गा स्तुति का मंत्र पढ़ा और "जय माता दी" का उद्घोष किया।
जनसभा में मौजूद भीड़ से उत्साहित प्रियंका ने कहा, "आप मेरे साथ खड़े हों और कंधे से कंधा मिलाकर लड़ें। इस सरकार को बदलिए, परिवर्तन लाइए, मैं तब तक नहीं रुकूंगी जब तक यहां पर परिवर्तन नहीं आएगा।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि योगी आदित्यनाथ बहुत डरे हुए हैं और विपक्ष के नेताओं को अपने राज्य में दाखिल नहीं होने देते। उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि जब चुनाव होगा तो निश्चित रूप से प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सरकार बनेगी और गरीबों, दलितों, महिलाओं के हक में फैसले होंगे।"
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "हमें फैसला करना है कि किसके साथ रहना है, घर में रहने वाले, या सड़क पर संघर्ष करने वाली नेता के साथ? अखिलेश यादव पीठ दिखाने वाले नेता हैं, प्रियंका जी संघर्ष करने वाली नेता हैं। हमें संघर्ष करने वाली नेता के साथ खड़े होना है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)