देश की खबरें | प्रियंका ने बेरोजगारी, ‘अधूरे वादे’ को लेकर, तेलंगाना सरकार पर हमला बोला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने तेलंगाना में में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि भाजपा और बीआरएस दोनों एक ही तरह के दल हैं क्योंकि वे बस सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं।
हैदराबाद, 28 नवंबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने तेलंगाना में में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महंगाई को लेकर सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) पर निशाना साधते हुए मंगलवार को कहा कि भाजपा और बीआरएस दोनों एक ही तरह के दल हैं क्योंकि वे बस सत्ता पर काबिज होना चाहते हैं।
विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन जहीराबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए वाद्रा ने कृषि ऋण माफी सहित बीआरएस के ‘‘पूरे नहीं किए गए वादों’’ के बारे में बात की।
उन्होंने कहा, ‘‘आपसे किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। आप सभी ने तेलंगाना के लिए आंदोलन किया। युवाओं, किसानों और बहनों (महिलाओं) के बलिदान के कारण तेलंगाना का गठन हुआ।’’
वाद्रा ने कहा कि इसके विपरीत, जब वह कर्नाटक और राजस्थान सहित कांग्रेस शासित राज्यों में जाती हैं तो वहां किए गए काम से उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। वाद्रा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि एक दिन वह तेलंगाना में भी कह सकेंगी कि कांग्रेस ने लोगों के सपनों को पूरा किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज, केंद्र सरकार और तेलंगाना में राज्य सरकार, दोनों मिली हुई हैं। दोनों एक ही तरह की सरकारें हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उनका एक ही उद्देश्य है: किसी भी तरह सत्ता में बने रहना। कोई धर्म के बारे में बात करता है, कोई भ्रष्टाचार करता है। (वे चाहते हैं) सत्ता उनके हाथ में रहे और सत्ता में रहकर धन इकट्ठा करें।’’
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज देश की सबसे अमीर पार्टी है और बीआरएस तेलंगाना में सबसे अमीर पार्टी है।
वाद्रा ने कहा, ‘‘मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि उनके पास यह पैसा कहां से आया। यह 10 साल में हुआ। यह सारा पैसा आपका है। यह वह पैसा है जिससे आपका कर्ज माफ किया जाना चाहिए था। यह वह पैसा है जो सरकारी कर्मचारियों की पेंशन में जाना चाहिए था।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी सरकारें चलाती है जिससे लोगों का पैसा लोगों की ही जेब में जाता है।
केंद्र द्वारा नोटबंदी और जिस तरह से जीएसटी को लागू किया गया, उसमें आने वाली कठिनाइयों के बारे में उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के बाद छोटे व्यापारी, महिलाएं, किसान और अन्य लोग मुश्किलों में फंस गए।
उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और राज्य की बीआरएस सरकार इसके लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 16,000 करोड़ रुपये से दो विमान खरीदे। आज एक किसान प्रतिदिन सिर्फ 27 रुपये कमाता है।’’
वाद्रा ने देश में बंदरगाहों और हवाई अड्डों को बड़ी कंपनियों को सौंपने और विशेष रूप से एक विशेष कारोबारी समूह के लिए हजारों करोड़ रुपये के कारपोरेट ऋण माफ करने को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार की आलोचना की।
उन्होंने एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला किए जाने का भी जिक्र किया। वाद्रा ने कहा कि बीआरएस संसद में भाजपा का समर्थन करती है और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) तेलंगाना में बीआरएस की मदद करती है।
उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम अन्य राज्यों में 40-50 सीटों पर लड़ती है, लेकिन तेलंगाना में केवल नौ सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जो बीआरएस और उस पार्टी के बीच एक मौन सहमति का संकेत है।
आशीष रंजन
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)