जरुरी जानकारी | प्रधानमंत्री बीपीसीएल की बीना रिफाइनरी की विस्तार परियोजना की आधारशिला रखेंगे

नयी दिल्ली, 12 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के बीना में स्थित बीपीसीएल रिफाइनरी की 49,000 करोड़ रुपये की लागत वाली विस्तार परियोजना की आधारशिला रखेंगे।

सार्वजनिक क्षेत्र की भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने अपनी बीना रिफाइनरी की वार्षिक क्षमता को 78 लाख टन से बढ़ाकर 1.1 करोड़ टन तक पहुंचाने की योजना बनाई है। इस परियोजना के तहत 2,200 किलोटन पेट्रोरसायन उत्पादों के भी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।

मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पेट्रोरसायन परिसर और रिफाइनरी विस्तार की यह परियोजना पांच साल में पूरी हो जाएगी।

एथिलीन क्रैकर परिसर में रिफाइनरी से निकलने वाले नैफ्था, एलपीजी और केरोसिन जैसे उत्पादों का इस्तेमाल किया जाएगा।

बयान के मुताबिक, ‘‘यह पेट्रोरसायन परिसर प्लास्टिक, पाइप, पैकेजिंग सामग्री, प्लास्टिक शीट, वाहन कलपुर्जे, चिकित्सा उपकरण, मोल्डेड फर्नीचर और घरेलू एवं औद्योगिक उपयोग की अन्य वस्तुओं के क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विनिर्माण इकाइयों की संभावनाएं खोलेगा।’’

मध्य प्रदेश सरकार इस परियोजना को वित्तीय प्रोत्साहन, ब्याज-मुक्त कर्ज और रियायती दरों पर बिजली के अलावा स्टाम्प शुल्क में छूट दे रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)