देश की खबरें | बिहार विधानसभा में बने शताब्दी स्मृति स्तंभ का अनावरण करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा भवन की शताब्दी के अवसर पर इसके परिसर में बनाए गए स्मृति स्तंभ का मंगलवार को अनावरण करेंगे।

पटना, 12 जुलाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार विधानसभा भवन की शताब्दी के अवसर पर इसके परिसर में बनाए गए स्मृति स्तंभ का मंगलवार को अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी झारखंड के देवघर से शाम करीब पांच बजे पटना हवाई अड्डे पहुंचेंगे। बिहार के राज्यपाल फागु चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा उनकी अगवानी करेंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

इस स्मृति स्तंभ का निर्माण करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह स्तंभ ऐतिहासिक स्थल के वास्तुशिल्प को ध्यान में रखते हुए निर्मित किया गया है। 40 फुट की इस संरचना का निर्माण बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग (बीसीडी) ने किया है। स्तंभ के शीर्ष पर बिहार का प्रतीक बोधि वृक्ष है, जिसे कांस्य से बनाया गया है।

स्तंभ की आधारशिला पिछले साल 21 अक्टूबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रखी थी। राष्ट्रपति ने बोधिवृक्ष का एक पौधा भी लगाया था, जो अब स्तंभ के सामने है।

प्रधानमंत्री अपने दौरे में एक बगीचे का नामकरण आधिकारिक तौर पर ‘शताब्दी स्मृति उद्यान’ के तौर पर करेंगे। शताब्दी स्तंभ के पास स्थित इस उद्यान में 100 औषधीय पौधे लगाए गए हैं।

स्मारक उद्यान में प्रधानमंत्री मोदी कल्पतरु का पौधा लगाएंगे। राज्य विधानसभा की ऐतिहासिक यात्रा पर वह एक पुस्तक का विमोचन करेंगे तथा विधानसभा संग्रहालय और एक अतिथि गृह की आधारशिला भी रखेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा की थी।

सिन्हा ने पत्रकारों से कहा था, ‘‘ बिहार के लिए यह गर्व से भरा पल है कि प्रधानमंत्री इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का हिस्सा बनने जा रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\