देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को करेंगे हिमाचल का दौरा, बिलासपुर एम्स सहित कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और वहां बिलासपुर में नवनिर्मित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन करेंगे।

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और वहां बिलासपुर में नवनिर्मित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक इस दौरान मोदी 3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री पांच अक्टूबर को 11.30 बजे बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करेंगे। इस एम्स की अधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने ही 2017 में रखी थी। इसके बाद वह स्थानीय लुहणू मैदान में कई योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कुल्लू दशहरा समारोह में भी शिरकत करेंगे।

पीएमओ ने कहा कि बिलासपुर एम्स का निर्माण 1470 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसमें 18 स्पेशिएलिटी और 17 सुपर स्पेशिएलिटी विभाग होंगे, 18 अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा कक्ष, 750 बिस्तर, जिनमें 64 आईसीयू वाले बिस्तर होंगे। यह अस्पताल 247 एकड़ में फैला है और इसमें चौबिसों घंटे इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।

प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे उनमें पिंजोर से नालागढ़ के बीच 31 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन बनाया जाना भी शामिल है। प्रधानमंत्री नालागढ़ में चिकित्सा पार्क का भी शिलान्यास करेंगे। इसका निर्माण 350 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

पीएमओ ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा समारोह में भी शिरकत करेंगे। इसका आयोजन 5 से 11 अक्टूबर तक किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\