देश की खबरें | विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में भाग लेने दुबई जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जलवायु परिवर्तन पर एक वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस सप्ताह दुबई की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। यह सम्मेलन उत्सर्जन को कम करने और मौसम संबंधी घटनाओं से निपटने में विकासशील देशों का समर्थन करने पर केंद्रित होगा।
नयी दिल्ली, 26 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जलवायु परिवर्तन पर एक वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इस सप्ताह दुबई की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। यह सम्मेलन उत्सर्जन को कम करने और मौसम संबंधी घटनाओं से निपटने में विकासशील देशों का समर्थन करने पर केंद्रित होगा।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 30 नवंबर और एक दिसंबर को दुबई में होंगे। यह जलवायु को लेकर संयुक्त राष्ट्र की 'कांफ्रेंस ऑफ पार्टीज' की 28वीं बैठक का हिस्सा है, इसलिए इसे सीओपी28 नाम दिया गया है।
कई वैश्विक नेता जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन के दौरान ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने और जलवायु परिवर्तन से प्रभावी ढंग से निपटने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन में भारत के महत्वाकांक्षी जलवायु एजेंडे और संबंधित मुद्दों पर प्रकाश डालेंगे।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के निमंत्रण पर 30 नवंबर से 1 दिसंबर तक दुबई, संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा करेंगे।”
यूएई की अध्यक्षता में 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक सीओपी28 का आयोजन किया जाएगा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सीओपी28 जलवायु परिवर्तन की साझा चुनौती से निपटने की दिशा में सामूहिक कार्रवाई को गति प्रदान करने का एक अनूठा अवसर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)