ताजा खबरें | प्रधानमंत्री मोदी पाटलिपुत्र, काराकाट और बक्सर संसदीय क्षेत्र में आज चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के पाटलिपुत्र, काराकाट और बक्सर संसदीय क्षेत्रों में शनिवार को अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
पटना, 25 मई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बिहार के पाटलिपुत्र, काराकाट और बक्सर संसदीय क्षेत्रों में शनिवार को अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को पाटलिपुत्र, काराकाट और बक्सर संसदीय क्षेत्रों में क्रमशः पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे, दोपहर डेढ़ बजे और अपराह्न 3:15 बजे अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
पाटलिपुत्र, काराकाट और बक्सर बिहार की उन आठ लोकसभा सीट (अन्य पांच नालंदा, पटना साहिब, आरा, सासाराम और जहानाबाद) में शामिल हैं जहां अंतिम चरण में एक जून को मतदान होना है।
काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने के कारण हाल ही में भाजपा से निष्कासित किए गए भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने प्रधानमंत्री की काराकाट में जनसभा के मद्देनजर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कल रात में टिप्पणी करते हुए कहा, ‘‘खबर आ रही है कि कल देश के प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी जी डेहरी में आयोजित जनसभा में ‘डालमिया नगर’ में बंद पड़ी फैक्टरी को फिर से चलाने की घोषणा करने जा रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो हमारे वचन पत्र का एक वचन चुनाव से पहले ही पूरा हो जायेगा। काराकाट लोकसभा क्षेत्र के लोगों की तरक्की ही मेरी असली जीत है।’’
बिहार भाजपा ने राज्य की काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने पर भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को पार्टी से 22 मई को निष्कासित कर दिया था।
बिहार भाजपा के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा द्वारा जारी और पवन सिंह को संबोधित एक पत्र में कहा गया था ‘‘लोकसभा चुनाव में आप राजग के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे हैं। आपका यह कार्य दल विरोधी है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है तथा पार्टी अनुशासन के विरुद्ध आपने यह कार्य किया है। अतः आपको दल विरोधी इस कार्य के लिए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार पार्टी से निष्कासित किया जाता है।’’
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार के रूप में काराकाट सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
पवन सिंह पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद काराकाट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे हैं।
बिहार में राजग के घटक दलों में शुमार भाजपा 17 सीट पर चुनाव लड़ रही है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू 16 सीट, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) पांच सीट तथा हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)