देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने बीजू पटनायक को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस पूर्वी राज्य के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
नयी दिल्ली, पांच मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस पूर्वी राज्य के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
दशकों तक कांग्रेस-विरोधी गठबंधनों के अहम सदस्य रहे स्वतंत्रता सेनानी बीजू पटनायक दो बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे। वह केंद्रीय मंत्री भी रहे।
उनके बेटे नवीन पटनायक ने 1997 में अपने पिता के निधन के बाद बीजू जनता दल की स्थापना की और वह 2000 से 2024 तक ओडिशा के मुख्यमंत्री रहे।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "बीजू बाबू को आज उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। ओडिशा के विकास और लोगों को सशक्त बनाने में उनके योगदान को हम सभी याद करते हैं। वह लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति दृढ़ता से प्रतिबद्ध थे और आपातकाल के मुखर विरोधी भी थे।"
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि देश की कृषि और किसान भाई-बहनों के कल्याण के साथ-साथ गांवों के विकास में वह अहम भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा, "भाजपा के कर्मठ नेता और सरकार में मेरे सहयोगी शिवराज सिंह चौहान जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। देश की कृषि और किसान भाई-बहनों के कल्याण के साथ-साथ गांवों के विकास में वह अहम भूमिका निभा रहे हैं। ईश्वर से उनके दीर्घायु और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना।"
चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)