देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से की मुलाकात

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत की और युवाओं को गढ़ने में उनके योगदान की सराहना की।

नयी दिल्ली, चार सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत की और युवाओं को गढ़ने में उनके योगदान की सराहना की।

पुरस्कार विजेताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास पर हुए संवाद के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे।

मोदी ने सोशल नेटवर्किंग साइट 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "देश के उत्कृष्ट शिक्षकों से मुलाकात हुई, जिन्हें राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। युवा मन को आकार देने के लिए उनका समर्पण और शिक्षा में उत्कृष्टता के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता बहुत प्रेरणादायक है। अपनी कक्षाओं में, वे भारत के युवाओं के लिए एक उज्जवल भविष्य लिख रहे हैं।"

शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, देश भर से कुल 75 शिक्षकों को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच सितंबर को इन शिक्षकों को सम्मानित करेंगे।

इन विजेताओं में स्कूलों के 50 शिक्षक, उच्च शिक्षा संस्थानों के 13 शिक्षक और कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के 12 शिक्षक शामिल हैं।

शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य देश में शिक्षकों के अद्वितीय योगदान को स्वीकार करना और उन शिक्षकों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और समर्पण के माध्यम से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया है, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध किया है।"

ब्रजेन्द्र माधव अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now