देश की खबरें | इंदौर में 8-10 जनवरी तक आयोजित होगा प्रवासी भारतीय दिवस समारोह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के इंदौर में 17वां प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का आयोजन 8-10 जनवरी तक किया जायेगा जिसमें गुयाना के राष्ट्रपति डॉ मोहम्मद इरफान अली मुख्य अतिथि होंगे।
नयी दिल्ली, पांच जनवरी मध्य प्रदेश के इंदौर में 17वां प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का आयोजन 8-10 जनवरी तक किया जायेगा जिसमें गुयाना के राष्ट्रपति डॉ मोहम्मद इरफान अली मुख्य अतिथि होंगे।
विदेश मंत्रालय में सचिव (काउंसलर, पासपोर्ट एवं वीजा) औसफ सईद ने संवाददाताओं से कहा कि 17वां प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का आयोजन काफी विशिष्ट अवसर पर हो रहा है जब भारत अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ एवं आजादी का अमृत काल मना रहा है।
उन्होंने कहा कि 17वां प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का आयोजन 8-10 जनवरी तक मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित किया जा रहा है । इसमें गुयाना के राष्ट्रपति डॉ मोहम्मद इरफान अली मुख्य अतिथि तथा सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी विशिष्ट सम्मानित अतिथि होंगे।
सईद ने बताया कि 17वें प्रवासी भारतीय दिवस समारोह का मुख्य विषय ‘प्रवासी भारतीयों की अमृत काल में भारत की प्रगति में विश्वसनीय भागीदारी’ है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृत काल में अगले 25 वर्षो में आत्मनिर्भर भारत बनाने की सोच पर आधारित है जिसमें भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण भमिका होगी।
उन्होंने बताया कि इस समारोह में करीब 70 देशों से 3500 लोगों ने पंजीकरण कराया है। इसमें मारिशस , मलेशिया और पनामा से मंत्रिस्तरीय शिष्टमंडल शामिल होगा जबकि संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, कतर, ओमान, मारिशस से बड़ा शिष्टमंडल हिस्सा लेगा।
विदेश मंत्रालय में सचिव ने बताया कि इस सम्मेलन के पूर्ण सत्र में पांच सत्र होंगे जिनमें विषयों में युवा, स्वास्थ्य सेवा, साफ्ट पावर, भारतीय कार्यबल, महिला शामिल होंगे। इनमें से चार सत्रों की अध्यक्षता कैबिनेट स्तर के मंत्री करेंगे । इसमें शामिल होने वाले मंत्रियों में विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा मीनाक्षी लेखी आदि शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि आठ जनवरी को युवा प्रवासी दिवस समारोह का आयोजन होगा जिसका उद्घाटन संबोधन युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे और इसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर का विशेष संबोधन होगा।
सईद ने बताया कि 9 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह का उद्घाटन करेंगे । इसमें दो पूर्ण सत्र होंगे जिनके विषयों में भारतीय स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने में भारतीय समुदाय की भूमिका और ‘‘इंडियन साफ्ट पावर’’ विषय होंगे।
उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिये 27 लोगों को प्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान करेंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)