देश की खबरें | बॉलीवुड ड्रग मामले में आरोपी प्रसाद ने अदालत से जमानत की गुहार लगायी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सुशांत सिंह राजपूत मृत्यु कांड से जुड़े ड्रग मामले के सिलसिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार किये गये धर्माटिक इंटरटेनमेंट के पूर्व कार्यकारी निर्माता क्षितिज प्रसाद ने सोमवार को विशेष अदालत से जमानत की गुहार लगायी।
मुम्बई, 12 अक्टूबर सुशांत सिंह राजपूत मृत्यु कांड से जुड़े ड्रग मामले के सिलसिले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा गिरफ्तार किये गये धर्माटिक इंटरटेनमेंट के पूर्व कार्यकारी निर्माता क्षितिज प्रसाद ने सोमवार को विशेष अदालत से जमानत की गुहार लगायी।
प्रसाद को 26 सितंबर को एनसीबी ने पकड़ा था। उससे पहले उसने राजपूत की पार्टनर अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, उनके भाई शौविक और कई अन्य को ड्रग मामले में गिरफ्तार किया था।
सभी पर नारकोटिक ड्रग एंड साइकोट्रोपिक सब्सटांसेज (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। रिया फिलहाल जमानत पर हैं।
प्रसाद ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत में दायर अपनी जमानत अर्जी में आरोप लगाया कि जब उन्होंने निर्देशक करण जौहर जैसे बॉलीवुड हस्तियों के खिलाफ झूठा बयान देने से मना कर दिया, तब एनसीबी अधिकारियों ने उन्हें इस मामले में फंसा दिया।
अर्जी के अनुसार, एनसीबी के वरिष्ठ अधिकारी समीर वानखेड़े ने पूछताछ के दौरान प्रसाद से कहा कि यदि वह करण जौहर और धर्मा प्रोडक्शन के अन्य को फंसाते हैं और यह बयान देते हैं कि उन्होंने ड्रग का सेवन किया था तब उन्हें छोड़ दिया जाएगा।
प्रसाद जौहर के धर्मा प्रोडक्शन से संबद्ध धर्माटिक इंटरटेनमेंट से कुछ समय के लिए जुड़े रहे थे।
जमानत अर्जी के मुताबिक, जब प्रसाद ने बात नहीं मानी तब एनसीबी अधिकारियों ने दो दिनों तक उन्हें ‘अपमानित और उत्पीड़ित’ किया।
एनसीबी ने हिरासत में प्रसाद के साथ बुरे बर्ताव से इनकार किया और इस संबंध में लगाये गये आरोपों को ‘शरारतपूर्ण और पूर्णत: असत्य’ करार दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)