देश की खबरें | पुलिस ने हमारे मुख्यालय, सोनिया और राहुल के आवासों को घेरा, प्रतिशोध और धमकी की राजनीति: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने उसके मुख्यालय, पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आवासों को घेर रखा है तथा उसके नेताओं के साथ ‘आतंकवादियों जैसा सुलूक’ किया जा रहा है जो प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने उसके मुख्यालय, पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आवासों को घेर रखा है तथा उसके नेताओं के साथ ‘आतंकवादियों जैसा सुलूक’ किया जा रहा है जो प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है।
मुख्य विपक्षी दल ने यह दावा भी किया कि इस ‘भयभीत सरकार’ ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पांच अगस्त को प्रस्तावित उसके प्रदर्शन को विफल करने तथा लोगों का ध्यान भटकाने के मकसद से यह पूरी कवायद की है।
दूसरी तरफ, पुलिस का कहना है कि ऐसी सूचना मिली थी कि कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शनकारी जमा हो सकते हैं, इसलिए ऐहतियातन यह कदम उठाया गया ताकि कोई अवांछित परिस्थिति न पैदा हो।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज जो हो रहा है, वह प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है। परंतु एक कहावत है, 'विनाशकाले विपरीत बुद्धि'। इस समय महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी का विनाशकाल है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार 2 हफ्ते तक संसद में महंगाई पर चर्चा से भागती रही। अब 5 अगस्त को हमारे प्रदर्शन को रोकने के लिए गृहमंत्री और दिल्ली पुलिस आज से ही शुरुआत कर चुके हैं।’’
रमेश ने कहा, ‘‘जो धमकी देते हैं, जो प्रतिशोध की राजनीति करते हैं; जो भय का वातावरण फैलाते हैं, वही डरते हैं। डरने वाले हम नहीं हैं।’’
कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कहा, ‘‘पांच अगस्त को महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन का फैसला हुआ। आज डीसीपी की तरफ से पत्र आया कि आप लोग कोई प्रदर्शन नहीं कर सकते। आज शाम को कांग्रेस मुख्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सोनिया जी और राहुल जी के आवास पर पुलिस का पहरा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)