गुवाहाटी, 21 फरवरी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि नगांव जिले में कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) पर हमला करने के मामले में अब तक कुल 10 लोगों की पहचान कर ली गई है।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पुलिस ने कांग्रेस सांसद रकीबुल हुसैन पर हमले की कथित घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर ली है।”
उन्होंने आरोपियों के नाम और स्थानों को साझा करते हुए कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।
धुबरी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद हुसैन, उनके बेटे तंजील और उनके पीएसओ पर बृहस्पतिवार को नगांव जिले के रूपाहीहाट इलाके में ‘रकीबुल हुसैन वापस जाओ’ के नारे लगाते हुए नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया।
सांसद को क्रिकेट का बल्ला मारा गया लेकिन वे सुरक्षित बच गए। हालांकि, उनके दो पीएसओ को मामूली चोटें आईं।
शर्मा ने हमले के बाद बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा था कि सांसद के जिले में रहने के दौरान उनकी सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी, खासकर सामगुरी और रूपाहीहाट इलाकों में।
समूचे विपक्ष ने शुक्रवार को राज्य सरकार की आलोचना की और कहा कि यह ‘लोकतंत्र की हत्या’ है और असम में ‘जंगल राज और गुंडा राज’ को जगह नहीं दी जाएगी। भाजपा विरोधी 15 से अधिक दलों के विपक्षी गुट असम सोनमिलिटो मोर्चा (एएसओएम) ने इस घटना की कड़ी निंदा की और इसे राज्य में ‘खतरनाक भविष्य’ की चेतावनी बताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY