जोहानिसबर्ग, 24 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दक्षिण अफ्रीका की यात्रा का समापन करते हुए इसे ‘‘बेहद सार्थक’’ बताया और वह वहां से यूनान रवाना हो गए।
दक्षिण अफ्रीका की यात्रा के दौरान मोदी ने 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लिया और दुनिया के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
मोदी कोविड-19 महामारी के कारण लगातार तीन साल तक वर्चुअल माध्यम से हुई बैठकों के बाद ब्रिक्स नेताओं के पहले आमने-सामने के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका पहुंचे थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका की सार्थक यात्रा पूरी की जिसने ब्रिक्स के सफर में एक नया अध्याय शुरू किया है। प्रधानमंत्री अब यूनान रवाना हो गए हैं।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘दक्षिण अफ्रीका की मेरी यात्रा बहुत सार्थक रही। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सार्थक और ऐतिहासिक रहा । हमने इस मंच पर नए देशों का स्वागत किया। हम वैश्विक हित के लिए एक साथ मिलकर काम करते रहेंगे। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, लोगों तथा सरकार का उनके आतिथ्य सत्कार के लिए आभार।’’
मोदी यूनान के अपने समकक्ष क्रियाकोस मित्सोताकिस के निमंत्रण पर शुक्रवार को एथेंस पहुचेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY