विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई की कॉप-28 अध्यक्षता के दौरान भारत के पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन के नामित अध्यक्ष सुल्तान अल जाबेर के साथ सतत विकास को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर शनिवार को यहां सार्थक वार्ता की और यूएई की ‘कॉप-28’ अध्यक्षता के दौरान भारत के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया
अबू धाबी, 15 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन के नामित अध्यक्ष सुल्तान अल जाबेर के साथ सतत विकास को आगे बढ़ाने और द्विपक्षीय ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने के तरीकों पर शनिवार को यहां सार्थक वार्ता की और यूएई की ‘कॉप-28’ अध्यक्षता के दौरान भारत के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस की दो दिवसीय यात्रा संपन्न होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की एक दिवसीय यात्रा पर शनिवार को अबू धाबी पहुंचे। वह फ्रांस में बैस्टिल डे परेड में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए थे और वहां उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए थे।
सुल्तान अल जाबेर अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के ग्रुप सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) भी हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘यूएई में होने वाले कॉप-28 के लिए नामित अध्यक्ष डॉ. सुल्तान अल जाबेर के सार्थक वार्ता की। हमने सतत विकास को आगे बढ़ाने के तरीकों पर ध्यान केंद्रित किया। इस दिशा में भारत के योगदान, खासकर ‘मिशन लाइफ’ पर हमारे जोर को रेखांकित किया।’’
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि यूएई की अध्यक्षता में यूएनएफसीसीसी के आगामी कॉप-28 पर चर्चा हुई। उसने बताया कि जाबेर ने जलवायु परिवर्तन पर महत्वपूर्ण बैठक के लिए यूएई के दृष्टिकोण के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी।
इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने संयुक्त अरब अमीरात को कॉप-28 की अध्यक्षता के लिए भारत के पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, आपदा प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन, अंतरराष्ट्रीय श्री अन्न वर्ष और मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) समेत भारत के प्रयासों और पहलों पर भी प्रकाश डाला।
बयान में बताया गया कि इस दौरान भारत और यूएई के बीच ऊर्जा सहयोग पर भी चर्चा हुई।
वर्ष 2023 का संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन या ‘कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज ऑफ द यूएनएफसीसी’ को सामान्य तौर पर ‘कॉप-28’ के रूप में जाना जाता है, जिसका आयोजन 30 नवंबर से 12 दिसंबर तक दुबई में होगा। वर्ष 1992 में पहला संयुक्त राष्ट्र जलवायु समझौता होने के बाद से इस सम्मेलन का आयोजन वार्षिक रूप से होता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)