देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने मडिगा के लिए एससी कोटा में उप-वर्गीकरण के वास्ते जल्द समिति गठित करने को कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कैबिनेट सचिव राजीव गौबा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मडिगा समुदाय के लिए अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षण में उप-वर्गीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के वास्ते जल्द एक समिति गठित करने का निर्देश दिया।
नयी दिल्ली, 24 नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कैबिनेट सचिव राजीव गौबा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को मडिगा समुदाय के लिए अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षण में उप-वर्गीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के वास्ते जल्द एक समिति गठित करने का निर्देश दिया।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की ओर से यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ दिन पहले उन्होंने तेलंगाना में मडिगा आरक्षण पोराता समिति (एमआरपीएस) द्वारा आयोजित एक रैली में घोषणा की थी कि केंद्र जल्द ही एक समिति का गठन करेगा जो अनुसूचित जातियों के उप-वर्गीकरण की उनकी मांग के संबंध में मडिगा को सशक्त बनाने के लिए सभी संभव तरीके अपनाएगी।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तेलुगु भाषी क्षेत्रों में मडिगा समुदाय का एक बड़ा वर्ग है।
एमआरपीएस पिछले तीन दशकों से अनुसूचित जातियों के वर्गीकरण के लिए इस आधार पर लड़ रहा है कि आरक्षण और अन्य सुविधाओं का लाभ उन तक नहीं पहुंचा है।
मोदी ने कहा था कि भाजपा पिछले तीन दशकों से हर संघर्ष में उनके साथ खड़ी रही है।
उन्होंने कहा था, ‘‘हम इस अन्याय को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं... यह हमारा वादा है कि हम जल्द ही एक समिति का गठन करेंगे जो आपको सशक्त बनाने के लिए हर संभव तरीके अपनाएगी। आप और हम भी जानते हैं कि उच्चतम न्यायालय में एक बड़ी कानूनी प्रक्रिया जारी है। हम आपके संघर्ष को न्यायपूर्ण मानते हैं।’’
तेलंगाना में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कड़ा मुकाबला है। भाजपा दक्षिण के राज्यों में एक मजबूत ताकत के रूप में उभरने के लिए पूरा जोर लगा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)