शहडोल (मप्र), एक जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के पकरिया गांव का दौरा किया और आदिवासी नेताओं और अन्य लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने पेसा समिति के सदस्यों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की लखपति दीदियों और युवा फुटबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात की।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी ने महिलाओं सहित लोगों के एक समूह से बातचीत की, जिन्होंने उन्हें एसएचजी और आजीविका मिशन के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की अपनी यात्रा के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम ‘‘फुटबॉल क्रांति’’ के युवा खिलाड़ियों से भी मुलाकात की।
‘‘फुटबॉल क्रांति’’ का उद्देश्य फुटबॉल के खेल में आदिवासी बच्चों की प्रतिभा को निखारना है।
इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री ने शहडोल में एक पोर्टल का अनावरण करके और रोग के प्रबंधन के लिए एक दिशा निर्देश तथा विभिन्न मॉड्यूल जारी करके राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 का शुभारंभ किया।
उन्होंने देश में तीन करोड़ से अधिक डिजिटल आयुष्मान कार्ड और मध्य प्रदेश में एक करोड़ पीवीसी आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण भी शुरू किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY