देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने ‘आरआरआर’ की टीम को गोल्डन ग्लोब पुरस्कार प्राप्त करने पर दी बधाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नाटु नाटु’ के सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार प्राप्त करने पर फिल्म से जुड़े तमाम कलाकारों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।

नयी दिल्ली, 11 जनवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गोल्डन ग्लोब पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नाटु नाटु’ के सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार प्राप्त करने पर फिल्म से जुड़े तमाम कलाकारों को बुधवार को बधाई दी और कहा कि इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह एक बहुत ही विशेष उपलब्धि है। एम. एम. कीरावानी, प्रेम रक्षित, काल भैरव, चंद्र बोस, राहुल सिप्लिगुंज को बधाइयां। मैं एस. एस. राजामौली, जूनियर एनटीआर, राम चरण और आरआरआर की पूरी टीम को भी बधाइयां देता हूं। इस प्रतिष्ठित सम्मान ने हर भारतीय को बहुत गौरवान्वित किया है।’’

प्रधानमंत्री के पोस्ट पर फिल्म के निर्देशक राजामौली ने कहा, ‘‘हम सम्मानित महसूस कर रहे हैं सर..आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।’’

कीरावानी ने कहा कि गोल्डन ग्लोब पुरस्कार मिलने के बाद टीम को प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाना गर्व का क्षण है।

उन्होंने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर लिखा, ‘‘बहुत बहुत धन्यवाद सर। पुरस्कार के साथ आपकी शुभकामनाएं पाकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है।’’

अपनी प्रतिक्रिया में, राम चरण ने कहा, ‘‘बहुत धन्यवाद मोदी जी!’’

निर्देशक एस. एस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ ने 2023 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु’ के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर’ श्रेणी का पुरस्कार अपने नाम कर लिया।

इस श्रेणी में ‘नाटु नाटु’ ने टेलर स्विफ्ट के गीत ‘कैरोलिना’, ग्रेगोरी मान के ‘चाओ पापा’, लेडी गागा के ‘होल्ड माय हैंड’, फिल्म ‘ब्लैक पैंथर:वकांडा फॉरएवर’ के गीत ‘लिफ्ट मी अप’ को मात दी।

तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और इसे काल भैरव और राहुल सिप्लिगुंज ने स्वर दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब ‘नाचना’ है।

हालांकि इस सुपरहिट फिल्म को सर्वश्रेष्ठ ‘पिक्चर नॉन इंग्लिश’ श्रेणी में अर्जेंटीना की ‘अर्जेंटीना 1985’ ने मात दे दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\