देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने भाजपा सांसदों से विपक्षी दलों की पोल खोलने कहा, विपक्ष पेगासस मामले की जांच पर अड़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पेगासस जासूसी विवाद पर संसद की कार्यवाही छठे दिन भी बाधित होने के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों से विपक्षी दलों की पोल खोलने की कथित तौर पर अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन वे दोनों सदनों को चलने नहीं दे रहे हैं।
नयी दिल्ली, 27 जुलाई पेगासस जासूसी विवाद पर संसद की कार्यवाही छठे दिन भी बाधित होने के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों से विपक्षी दलों की पोल खोलने की कथित तौर पर अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन वे दोनों सदनों को चलने नहीं दे रहे हैं।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री ने भाजपा संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। मॉनसन सत्र के 19 जुलाई को आरंभ होने के बाद सरकार और विपक्ष के बीच संसद में उपजा गतिरोध, तब से कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी की यात्रा पर आईं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री को पेगासस विवाद पर सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए और उच्चतम न्यायालय-नीत जांच कराने पर फैसला करना चाहिए। वहीं, सात विपक्षी पार्टियों ने फोन हैकिंग कांड और किसानों के मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए सरकार को निर्देश देने की खातिर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
इस बीच, प्रतिष्ठित पत्रकारों एन राम और शशि कुमार ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर अनुरोध किया है कि इजराइली स्पाइवेयर पेगासस का इस्तेमाल करके सरकारी एजेंसियों द्वारा प्रतिष्ठित नागरिकों, नेताओं और पत्रकारों की कथित जासूसी किए जाने संबंधी खबरों की शीर्ष अदालत के किसी मौजूदा या सेवानिवृत्त न्यायाशीध से स्वतंत्र जांच कराई जाए।
इस याचिका पर आगामी कुछ दिन में सुनवाई हो सकती है। याचिका में इस बात की जांच करने का अनुरोध किया गया है कि क्या पेगासस स्पाइवेयर के जरिए फोन को अवैध तरीके से हैक करके एजेंसियों और संगठनों ने भारत में स्वतंत्र भाषण और असहमति को अभिव्यक्त करने को रोकने का प्रयास किया गया।
याचिका में केंद्र को यह बताने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है कि क्या सरकार या उसकी किसी एजेंसी ने पेगासस स्पाइवेयर के लिए लाइसेंस प्राप्त किया है और क्या उन्होंने इसका इस्तेमाल प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से निगरानी करने के लिए किया है।
इस बीच, न्यूज वेबसाइट द वायर द्वारा जारी एक नयी सूची के मुताबिक इजराइली स्पाइवेयर पेगासस के संभावित लक्ष्यों में जेट एयरवेज के पूर्व अध्यक्ष नरेश गोयल, स्पाइसजेट के प्रबंध निदेशक अजय सिंह और एस्सार ग्रुप के प्रशांत रूइया के नाम शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)