देश की खबरें | कृपया हम पर विश्वास करें, काम पर लौटें : न्यायालय ने प्रदर्शनकारी चिकित्सकों से कहा

नयी दिल्ली, 20 अगस्त उच्चतम न्यायालय ने कोलकाता की एक डॉक्टर से बलात्कार व हत्या की घटना को लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों से हड़ताल वापस लेने और काम पर लौटने की अपील करते हुए मंगलवार को कहा कि ‘‘कृपया हम पर विश्वास करें।’’

शीर्ष अदालत ने कहा कि चिकित्सकों के काम से दूर रहने से समाज के उन वर्गों पर असर पड़ता है जिन्हें चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत है।

न्यायालय ने कहा, ‘‘हम सभी चिकित्सकों से अपील करते हैं कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए यहां हैं कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण सर्वोच्च राष्ट्रीय चिंता का विषय है। कृपया हम पर विश्वास करें, इसलिए हमने इस मामले को उच्च न्यायालय पर नहीं छोड़ा है।’’

प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन न्यायाधीशों की पीठ ने कहा, ‘‘हमारा मानना ​​है कि यह न केवल गंभीर अपराध का मामला है, बल्कि यह देशभर में स्वास्थ्य सेवा संस्थान को प्रभावित करता है। इसलिए इस मामले पर उच्चतम न्यायालय द्वारा विचार किए जाने की आवश्यकता है।’’

शीर्ष अदालत कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक से बलात्कार व हत्या से संबंधित स्वत: संज्ञान वाले मामले की सुनवाई कर रही है।

इस घटना को लेकर राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन हो रहे हैं।

‘फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन’ ने कोलकाता की घटना में शीर्ष अदालत के हस्तक्षेप का स्वागत करते हुए कहा कि इससे चिकित्सा समुदाय के हितों की पूर्ति होगी।

पीठ ने कहा, ‘‘चूंकि यह न्यायालय कार्यस्थल पर सभी चिकित्सा पेशेवरों की सुरक्षा और कल्याण से संबंधित मामले पर विचार कर रहा है, इसलिए हम देशभर में काम से अनुपस्थित सभी चिकित्सकों से अनुरोध करते हैं कि वे जल्द से जल्द काम पर लौट आएं।’’

न्यायालय ने कहा, ‘‘चिकित्सकों के काम से दूर रहने से समाज का वह वर्ग प्रभावित होता है, जिसे चिकित्सा देखभाल की सबसे अधिक आवश्यकता है। चिकित्सकों और चिकित्सा पेशेवरों को आश्वस्त रहना चाहिए कि उनकी चिंताओं को न्यायालय द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)