देश की खबरें | बुंदेलखंड क्षेत्र को हरा-भरा करने के लिए 3.25 करोड़ पौधों का रोपण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए इस साल जुलाई माह में 3.25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से एक करोड़ पौधे सहजन और सागवान के होंगे।
बांदा (उप्र), 12 जून उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए इस साल जुलाई माह में 3.25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से एक करोड़ पौधे सहजन और सागवान के होंगे।
चित्रकूटधाम मंडल के वन संरक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया, "बुंदेलखंड के सभी सात जिलों - बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, जालौन, झांसी और ललितपुर में इस साल जुलाई माह में 3,25,16,090 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें एक करोड़ पौधे सहजन और सागौन (सागवान) के होंगे और बाकी पीपल, बरगद और नीम के पौध लगाए जायेंगे।"
उन्होंने बताया, "चित्रकूटधाम मंडल के चार जिलों - बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर में 1,84,23,310 पौधे और झांसी मंडल के झांसी एवं ललितपुर जिलों में 1,44,92,780 पौधे रोपे जाएंगे। बुंदेलखंड के 192 पौध घरों (नर्सरी) में अब तक करीब तीन करोड़ पौधे तैयार हो चुके हैं।"
सिंह ने बताया कि इस बार शासन ने ऑक्सीजन, पौष्टिकता से भरपूर और कम पानी एवं पथरीली जमीन में तैयार होने वाले पौधे लगाने पर जोर दिया है। वन विभाग इन पौधों को सरकारी कार्यालयों और किसानों को मुफ्त में बांटेगा।
वन संरक्षक सिंह ने बताया कि बुंदेलखं में यूकेलिप्टस पेड़ को प्रतिबंधित कर दिया गया है। यदि कोई व्यक्ति इसे लगाना चाहेगा तो उसे प्रति पेड़ साढ़े सात रुपये सरकारी कोष में जमा कर इसकी अनुमति लेनी होगी।
उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड़ में पानी की भारी कमी है और यूकेलिप्टस का पेड़ अपने इर्द-गिर्द भूमि का तीन मीटर पानी खींच लेता है जिससे जमीन की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है।
सं जफर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)