देश की खबरें | ‘एआईएफएफ ग्रासरूट दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा पीके बनर्जी का जन्मदिन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने अपने जमाने के दिग्गज फुटबॉलर प्रदीप कुमार बनर्जी के जन्मदिन 23 जून को ‘एआईएफएफ ग्रासरूट दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया है।

नयी दिल्ली, 12 मई अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने अपने जमाने के दिग्गज फुटबॉलर प्रदीप कुमार बनर्जी के जन्मदिन 23 जून को ‘एआईएफएफ ग्रासरूट दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया है।

पीके के नाम से मशहूर बनर्जी ने 1960 के रोम ओलंपिक में भारतीय टीम की अगुवाई की थी। एक खिलाड़ी के रूप में अपार सफलता हासिल करने के बाद वह कोच बने जिसमें उन्हें काफी सफलता मिली।

एआईएफएफ के महासचिव शाजी प्रभाकरण ने कहा,‘‘ हम अक्सर यह भूल जाते हैं प्रदीप दा बहुत अच्छे कोच भी थे। खेल से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग देनी शुरू की और अगले 30 वर्षों में देश को कई नामी खिलाड़ी दिए जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।’’

उन्होंने कहा,‘‘ राष्ट्रीय और क्लब कोच की काफी चर्चा होती है लेकिन भारतीय फुटबॉल समुदाय पीके दा के जमीनी स्तर (ग्रासरूट) पर किए गए योगदान को नहीं भूल सकता।’’

बनर्जी ने 1962 के एशियाई खेलों में भारत को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनका मार्च 2020 में निधन हो गया था।

एआईएफएफ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने कहा,‘‘मैं जो भी शब्द कहूंगा वह भारतीय फुटबॉल में प्रदीप दा के योगदान का सम्मान करने के लिए पर्याप्त नहीं होंगे। वह हम सभी की प्रशंसा के पात्र हैं। वह हमेशा भारतीय फुटबॉल को आगे बढ़ते हुए देखना चाहते थे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\