विदेश की खबरें | भूमिगत परमाणु स्थलों को निशाना बनाने में सक्षम अमेरिकी बम की तस्वीरें फिर आईं सामने

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके साथ बढ़े तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने इस महीने एक शक्तिशाली बम की तस्वीरें जारी कीं जो पृथ्वी में गहराई तक जाकर यूरेनियम संवर्धन संबंधी भूमिगत सुविधाओं को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

दुबई, 22 मई ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उसके साथ बढ़े तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने इस महीने एक शक्तिशाली बम की तस्वीरें जारी कीं जो पृथ्वी में गहराई तक जाकर यूरेनियम संवर्धन संबंधी भूमिगत सुविधाओं को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया है।

अमेरिकी वायु सेना ने दो मई को इस हथियार, जीबीयू-57 की दुर्लभ तस्वीरें जारी कीं, जिन्हें “मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर” के रूप में जाना जाता है।

उसने हालांकि बाद में तस्वीरें हटा लीं। ऐसा संभवत: इसलिये किया गया क्योंकि तस्वीरों से हथियार की संरचना और प्रहार क्षमता के बारे में संवेदनशील जानकारी जाहिर हो रही थी।

तस्वीरों का प्रकाशन तब हुआ जब ‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने बताया कि ईरान एक परमाणु सुविधा का लगातार निर्माण कर रहा है जो संभवतः जीबीयू-57 की मारक क्षमता से परे है, जिसे भूमिगत बंकरों को निशाना बनाने के लिए अमेरिकी सेना का अंतिम हथियार माना जाता है।

अमेरिका ने 2000 के दशक में ‘मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर’ विकसित किया था क्योंकि ईरान द्वारा अपने परमाणु स्थलों को भूमिगत बनाकर मजबूत किये जाने को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

वायु सेना ने मिसौरी में व्हाइटमैन वायुसैनिक अड्डे के फेसबुक पेज पर बमों की तस्वीरें पोस्ट कीं। इस अड्डे पर बी-2 ‘स्टेल्थ बॉम्बर्स’ की तैनाती है। बी-2 एक मात्र विमान है जो इस बम को दाग सकता है।

तस्वीरों के साथ बेस ने कहा कि उसे दो ‘मैसिव ऑर्डनेंस पेनेट्रेटर’ बम प्राप्त हुए हैं, ताकि वहां का एक स्क्वाड्रन ‘उनके प्रदर्शन का परीक्षण’ कर सके।

वायुसेना ने हालांकि उन सवालों का जवाब नहीं दिया कि उसने इस हथियार की तस्वीरें क्यों पोस्ट कीं और फिर क्यों हटा दीं।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\