देश की खबरें | भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी श्रीलंकाई नौसेना कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए याचिका दायर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उच्चतम न्यायालय में मंगलवार को एक याचिका दायर कर पिछले महीने भारतीय जल क्षेत्र में तमिलनाडु के चार मछुआरों की हत्या करने के आरोपी श्रीलंकाई नौसेना कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए केंद्र और अन्य को निर्देश देने का अनुरोध किया गया।
नयी दिल्ली, नौ फरवरी उच्चतम न्यायालय में मंगलवार को एक याचिका दायर कर पिछले महीने भारतीय जल क्षेत्र में तमिलनाडु के चार मछुआरों की हत्या करने के आरोपी श्रीलंकाई नौसेना कर्मियों की गिरफ्तारी के लिए केंद्र और अन्य को निर्देश देने का अनुरोध किया गया।
श्रीलंका के नौसैनिकों के हमले के चलते चार मछुआरों के मारे जाने के बारे में मछुआरा समुदाय से मिली जानकारी का जिक्र करते हुए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी ने 21 जनवरी को इस पड़ोसी देश की नौसेना की निंदा की थी।
शीर्ष न्यायालय में दायर याचिका के जरिए अधिकारियों को भविष्य में इस तरह की घटनाओं में तमिलनाडु के मछुआरों की जान माल की हिफाजत के लिए कदम उठाने को लेकर भी निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
याचिका तमिलनाडु के संगठन कदालसर मक्कल नला संगमम ने दायर की है।
याचिका में कहा गया है कि 18 जनवरी को पोडुकोट्टई जिले से मछली पकड़ने समुद्र में उतरे चार मछुआरे नहीं लौटे और बाद में अन्य मछुआरों के मार्फत यह सूचना मिली कि श्रीलंकाई नौसेना के हमले में उनकी कथित तौर पर मौत हो गई।
याचिका में कहा गया है, ‘‘तीन दिन बाद, श्रीलंका ने कहा कि मछली पकड़ने वाली एक भारतीय नौका उसकी नौसेना के जहाज से टकराने के बाद उसके जल क्षेत्र में डूब गई।’’
याचिका में दो इतालवी मरीन से जुड़े मामले का भी जिक्र किया गया है, जिन पर केरल तट के पास दो भारतीय मछुआरों की हत्या करने का आरोप था। यह घटना 2012 में हुई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)