देश की खबरें | चीन के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा : जगह-जगह जलाया गया चीनी राष्ट्रपति का पुतला
जियो

गोरखपुर (उप्र), 17 जून पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ जारी गतिरोध के बीच 20 भारतीय जवानों की शहादत को लेकर आम लोगों में खासी नाराजगी है। गोरखपुर-बस्ती मंडल के विभिन्न जिलों में बुधवार को आक्रोशित लोगों ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का पुतला फूंका और चीनी उत्पादों के बहिष्कार की अपील की।

गोरखपुर में भाजपा, हिंदू युवा वाहिनी, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंका। वहीं समाजवादी छात्र सभा के सदस्यों ने शहीद हुए 20 भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यह भी पढ़े | गलवान घाटी में भारत और चीन के प्रमुख जनरलों के बीच चल रही वार्ता खत्म: 17 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गोरखपुर में भाजपा के मीडिया प्रभारी बृजेश राम त्रिपाठी ने कहा कि जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। हम सभी को चीनी उत्पादों का बहिष्कार करना चाहिए।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष सुमित कुमार और युवा कांग्रेस के अध्यक्ष इंजीनियर अभिजीत पाठक ने सरकार से अपील की कि वह चीन को मुंह तोड़ जवाब देते हुए सबक सिखाए। इस काम में कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के साथ खड़ी है।

यह भी पढ़े | UN Security Council Elections 2020: यूएनएससी (UNSC) में भारत का पुन: प्रवेश लगभग तय.

उधर, महराजगंज जिले में हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का पुतला फूंका और चीनी उत्पादों के बहिष्कार की अपील की।

वाहिनी की महाराजगंज इकाई के अध्यक्ष नरसिंह पांडे ने कहा कि चीन का भारतीय फौजियों पर जघन्य हमला अत्यंत निंदनीय है और हम केंद्र से अपील करते हैं कि वह चीन पर सर्जिकल स्ट्राइक करे।

उधर, बस्ती में हिंदू युवा वाहिनी और समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने अलग-अलग स्थानों पर चीन के राष्ट्रपति का पुतला फूंका।

बस्ती में हिंदू युवा वाहिनी के प्रभारी अजय ने कहा "मैं प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और गृह मंत्री से आग्रह करता हूं कि वे भारत में चीनी उत्पादन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाएं। चीन को नतमस्तक करने की जरूरत है। नेपाल भी भारत के खिलाफ जाने की कोशिश कर रहा है और हमें इस मसले को जल्द से जल्द सुलझाना होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)