देश की खबरें | लोगों को जाति, धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि वे बुनियादी सवाल न पूछें - प्रियंका

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है और एक साजिश के तहत उन्हें धर्म एवं जाति के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे सवाल न करें।

दुर्ग, 21 सितंबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है और एक साजिश के तहत उन्हें धर्म एवं जाति के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे सवाल न करें।

जिले के भिलाई में भूपेश बघेल सरकार द्वारा आयोजित 'महिला समृद्धि सम्मेलन' को संबोधित करते हुए, प्रियंका ने बेरोजगारी और महंगाई के बारे में बात नहीं करने के लिए केंद्र सरकार पर हमला बोला।

प्रियंका ने कहा कि जब वह छोटी थीं, तो वह अपने पिता और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अमेठी के दौरे पर थी। राजीव गांधी जीप चला रहे थे और वह लोगों से बातचीत करने के लिये नीचे उतरे।

कांग्रेस नेता ने कहा, "एक महिला सड़कों की खराब हालत के बारे में शिकायत करते हुए मेरे पिता पर चिल्लाने लगी। मेरे पिता ने उसे जवाब दिया और जब मैंने उनसे पूछा कि क्या उन्हें (महिला के रवैये के बारे में) बुरा लगा, तो उन्होंने कहा नहीं। उन्होंने कहा कि यह उनका कर्तव्य था, महिला को सवाल पूछना है और उन्हें उसे उत्तर देना है।’’

उन्होंने कहा कि यह उस युग की राजनीति थी जब प्रधानमंत्री को भी जनता के प्रति सीधी जिम्मेदारी महसूस होती थी।

उन्होंने कहा कि घटना के 40 साल बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में एक महिला से पूछा था कि क्या उसके पास गैस सिलेंडर है, तब जीविका के लिए चूड़ियां बेचने वाली उस महिला ने कहा कि उसके पास एक है लेकिन वह खाली है।

प्रियंका ने कहा कि महिला ने पानी की आपूर्ति और बिजली की कमी के बारे में शिकायत की, लेकिन कहा कि वह मौजूदा विधायक को वोट देगी और फिर जाति और धर्म के बारे में बात करने लगी।

उन्होंने कहा, "राजनीति में मूल्य बदल गए हैं। लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है। राजनीतिक साजिश के तहत लोगों को जाति और धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि वे बुनियादी सवाल न पूछें।"

उन्होंने कहा, "जो लोग धर्म और जाति के नाम पर वोट मांगते हैं, उनसे पूछें कि उन्होंने आपके लिए क्या किया है।"

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा आयोजित जी20 कार्यक्रम अच्छे थे क्योंकि उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया, लेकिन बड़े खर्च पर सवाल भी उठाया।

गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जवाब नहीं देते कि सड़कें इतनी खराब स्थिति में क्यों हैं, क्यों रोजगार नहीं है और महंगाई क्यों बढ़ रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री इस बात का जवाब नहीं देते कि किसान प्रति दिन 27 रुपये क्यों कमा रहे हैं, जबकि उनके उद्योगपति मित्र प्रति दिन 1,600 करोड़ रुपये कमा रहे हैं।

उन्होंने भूपेश बघेल सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस में पुराने समय की राजनीति के मूल्य अब भी बरकरार हैं और वह आम लोगों के कल्याण और हित के लिए काम करती है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई देश भर में आम लोगों के लिए बोझ बन गई है लेकिन छत्तीसगढ़ में खेती एक लाभदायक व्यवसाय बन गई है और राज्य में कृषि गतिविधियों में लगे लोगों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के किसानों को धान की देश में सबसे अधिक कीमत मिल रही है।

कांग्रेस नेता ने लोगों से विकास और कल्याण के लिए राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का समर्थन करने का आग्रह किया।

उन्होंने लोगों से मतदान करते समय जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जो लोग धर्म, जाति और सांप्रदायिकता के नाम पर वोट मांगते हैं, उनसे पूछें कि उन्होंने आपके लिए क्या किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य में छत्तीसगढ़ महतारी सांस्कृतिक संवर्धन योजना शुरू करने की घोषणा की, जिसका उद्देश्य सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now