देश की खबरें | नूंह हिंसा के खिलाफ देश भर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया : विहिप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और उसकी युवा शाखा बजरंग दल ने हरियाणा के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ बुधवार को देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन किया।
नयी दिल्ली, दो अगस्त विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और उसकी युवा शाखा बजरंग दल ने हरियाणा के नूंह में हुई सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ बुधवार को देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन किया।
विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि देश के सभी जिलों में ‘‘लाखों लोगों’’ की भागीदारी के साथ प्रदर्शन ‘‘सफलतापूर्वक’’ आयोजित किए गए।
नूंह जिले में सोमवार को सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी और जल्द ही इसने गुरुग्राम को भी अपनी चपेट मे ले लिया था जिसमें होमगार्ड के दो जवान और एक इमाम सहित छह लोगों की मौत हुई है।
विहिप ने एक बयान में कहा, ‘‘हरियाणा के नूंह में शांतिपूर्ण यात्रा निकाल रहे श्रद्धालुओं पर हुए हमले के खिलाफ विहिप और बजरंग दल ने आज देश के हर जिले में प्रदर्शन का आह्वान किया था... ये प्रदर्शन सैकड़ों स्थानों पर लाखों लोगों की भागीदारी के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।’’
कड़ी सुरक्षा के बीच विहिप और बजरंग दल ने राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भी प्रदर्शन किया।
भगवा रंग के झंडे लेकर और ‘जय श्री राम’, ‘हर हर महादेव’ तथा ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने बदरपुर बॉर्डर पर सड़क को अवरुद्ध कर दिया।
बदरपुर बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों के धरने के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे फरीदाबाद से दिल्ली की ओर यातायात अवरूद्ध हो गया।
दिल्ली पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है तथा विरोध-प्रदर्शनों और अन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है।
विहिप और बजरंग दल ने दिल्ली से सटे नोएडा में प्रदर्शन किया। बजरंग दल ने हिंसा के दौरान मारे गए अपने दो सदस्यों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। संगठन का दावा है कि हिंसा में उसके दो सदस्य मारे गए हैं।
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद विहिप ने विरोध-प्रदर्शन किया। पड़ोसी राज्य में हिंसा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा कड़ी की गई है।
दक्षिणपंथी संगठन का मार्च सुबह करीब 10 बजे यहां के सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम से शुरू हुआ और सेक्टर-27 में जिलाधिकारी कार्यालय के पास समाप्त हुआ। विहिप और बजरंग दल के सैकड़ों सदस्यों और समर्थकों ने इस मार्च में हिस्सा लिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)