देश की खबरें | अशरफ के साले फैजी के “अवैध मकान” पर चला पीडीए का बुलडोजर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले फैजी के अकबरपुर सल्लाहपुर स्थित “अवैध मकान” को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के बुलडोजर ने बृहस्पतिवार को ढहा दिया।
प्रयागराज, 20 जून माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले फैजी के अकबरपुर सल्लाहपुर स्थित “अवैध मकान” को प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) के बुलडोजर ने बृहस्पतिवार को ढहा दिया।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के क्षेत्राधिकारी आई.एन. हाशमी ने बताया कि अशरफ के ससुराल वालों ने वक्फ बोर्ड की जमीन पर यह अवैध निर्माण कर रखा था, जिसके संबंध में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन अधिनियम, 1973 की धारा 27 के अंतर्गत नोटिस दिया गया था।
उन्होंने बताया कि इस नोटिस के जरिए उन्हें वैधानिकता साबित करने और अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया, लेकिन निर्धारित अवधि में वे अपना पक्ष नहीं रख सके, जिसके बाद ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया गया और उसी आदेश के तहत इस मकान को आज ध्वस्त किया गया।
हाशमी ने बताया कि इस मकान 30 फुट चौड़ा और 70 फुट लंबा है।
उन्होंने कहा कि यह दो मंजिला इमारत थी जिसमें निर्माण जारी था, ध्वस्तीकरण आदेश के बाद इस मकान को सील कर दिया गया था।
उमेश पाल हत्याकांड समेत 100 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पिछले वर्ष 15 अप्रैल को प्रयागराज के काल्विन अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, गुड्डू मुस्लिम, अशरफ की पत्नी जैनब सहित कई अभियुक्त अब भी फरार हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)