देश की खबरें | कांग्रेस समेत ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल पार्टियां संसद सुरक्षा सेंध मामले के आरोपियों को बचा रहीं: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य दलों पर 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक के मामले आरोपियों को बचाने के लिए इस मामले पर “ओछी राजनीति” करने का आरोप लगाया।

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य दलों पर 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक के मामले आरोपियों को बचाने के लिए इस मामले पर “ओछी राजनीति” करने का आरोप लगाया।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि 'इंडिया' में शामिल पार्टियां सुरक्षा सेंध मामले के अपराधियों के साथ खड़ी हैं क्योंकि उनके साथ इन दलों के संबंध सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय सुरक्षा और संसद सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर कभी भी ओछी राजनीति नहीं होनी चाहिए। लेकिन कुछ लोगों का राजनीतिक चरित्र और राजनीतिक डीएनए ऐसा है कि वे सुरक्षा के मुद्दे पर भी ओछी राजनीति करते हैं... हम सभी को बिना किसी किंतु-परंतु के घटना की निंदा करनी चाहिए।”

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के 'अपरिपक्व' नेता राहुल गांधी ने 13 दिसंबर की घटना को यह कहकर 'शर्मनाक' तरीके से उचित ठहराया है कि यह बेरोजगारी और देश में महंगाई के मुद्दे के कारण हुई।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जी, आपको क्या हो गया है?...तीन विधानसभा चुनाव हारने के बाद, आप ऐसी घटना पर ऐसे अतार्किक बयान देंगे, जिसका एकमात्र उद्देश्य संसद को किसी भी तरह से आतंकित करना था।”

पूनावाला ने पूछा कि क्या राहुल गांधी यह कहना चाहते हैं कि अगर किसी को लगता है कि देश में बेरोजगारी है या किसी व्यक्ति को नौकरी नहीं मिल रही है, तो ऐसे व्यक्ति को ‘कैन’ लेकर संसद में घुसकर धुआं छोड़ देना चाहिए।

तेरह दिसंबर की दोपहर को दो व्यक्ति पीला धुआं छोड़ने वाले ‘कैन’ के साथ दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष के अंदर कूद गए। शून्यकाल के दौरान सदन में मौजूद सांसदों ने उन्हें पकड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\