देश की खबरें | फर्जी खबरों पर लगाम लगाने के उपायों पर मीडिया संगठनों के विचार जानेगी संसदीय समिति

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली एक संसदीय समिति ने मीडिया निकायों-‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ और ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’-को “फर्जी खबरों” पर लगाम लगाने के मुद्दे पर अपने विचार रखने के लिए बुलाया है।

नयी दिल्ली, 10 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे की अध्यक्षता वाली एक संसदीय समिति ने मीडिया निकायों-‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ और ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’-को “फर्जी खबरों” पर लगाम लगाने के मुद्दे पर अपने विचार रखने के लिए बुलाया है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी स्थायी समिति 21 नवंबर को “फर्जी खबरों पर लगाम लगाने के उपायों की समीक्षा” विषय पर बैठक करेगी।

इसमें कहा गया है कि बैठक में समिति फर्जी खबरों पर लगाम लगाने के मुद्दे पर ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ और ‘एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया’ के विचार भी जानेगी।

बयान के मुताबिक, समिति ने पहले फर्जी खबरों के प्रसार पर अंकुश लगाने के उपायों के साथ-साथ ओटीटी (ओवर द टॉप) मंचों के उभरने से संबंधित मुद्दों की समीक्षा करने का भी फैसला लिया था।

इसमें कहा गया है कि भारत में ‘क्रिप्टो करेंसी’ की बढ़ती मौजूदगी के बीच समिति नयी तरह की मुद्राओं के उभरने और उनके प्रभाव के बारे में भी चर्चा करेगी।

बयान के अनुसार, बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टीफीशियल इंटेलिजेंस) और अन्य प्रौद्योगिकियों के उभार के साथ-साथ डिजिटल एवं साइबर अपराधों की निगरानी तथा उन पर अंकुश लगाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी।

संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी स्थायी समिति का काम सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और संचार मंत्रालय के कामकाज की समीक्षा करना है।

बयान में कहा गया है कि बैठक में सभी तरह के मीडिया से जुड़े कानूनों के कार्यान्वयन के साथ-साथ सरकारी प्रसारणकर्ता प्रसार भारती के कामकाज की भी समीक्षा की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\